)
सोनभद्र में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए योगी सरकार ने खजाना खोल दिया है. जिले की तीन महत्वपूर्ण सड़कों के कायाकल्प के लिए 125 करोड़ 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर जारी की गई है. इसमें चोपन-कोटा-कोन-खरौंधी मार्ग से लेकर आरएस रोड-कोदरा टोला मार्ग और वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे शामिल हैं. इन सड़कों के मजबूत और बेहतर होने से न सिर्फ औद्योगिक इकाइयों तक पहुंच आसान होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. साथ ही आम लोगों को भी जर्जर सड़कों और आवागमन की परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है.
दरअसल, औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत शासन ने सोनभद्र की तीन प्रमुख सड़कों के सुदृढ़ीकरण और सतह सुधार के लिए यह बड़ी धनराशि जारी की है. जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के अनुसार, इन परियोजनाओं का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही सुगम हो और माल तथा कच्चे माल की ढुलाई में लगने वाला समय और खर्च कम हो सके.
पहली परियोजना में चोपन-कोटा-कोन-खरौंधी मार्ग के 15.84 किलोमीटर हिस्से का सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा. इस पर 41 करोड़ 56 लाख 3 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे. वहीं, आरएस रोड से कोदरा टोला तक 12 किलोमीटर 150 मीटर सड़क के सुधार के लिए 25 करोड़ 83 लाख 76 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है. इन दोनों परियोजनाओं के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है.
वहीं, जिले के प्रमुख वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे-5ए को भी बेहतर बनाने की योजना तैयार की गई है. इस मार्ग पर 166.130 किलोमीटर से 184.417 किलोमीटर तक कुल 18.287 किलोमीटर हिस्से का सुदृढ़ीकरण और सतह सुधार कराया जाएगा. इसके लिए 57 करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये जारी किए गए हैं. यह सड़क औद्योगिक गतिविधियों और भारी वाहनों के आवागमन के लिहाज से बेहद अहम है. ऐसे में इसके बेहतर होने से उद्योगों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
कुल मिलाकर, सोनभद्र की तीन प्रमुख सड़कों पर होने वाला यह निवेश जिले के विकास को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है. बेहतर सड़कें होंगी तो उद्योगों को विस्तार मिलेगा, व्यापार को गति मिलेगी और आम लोगों का सफर भी आसान होगा. अब इन परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होने का इंतजार है.
(सोनभद्र से अरविंद दुबे की रिपोर्ट)