8 साल के रिश्ते का खौफनाक अंत: पत्नी निकली पति की कातिल, बक्से में भरकर फेंका शव; महिला समेत 4 गिरफ्तार
उन्नाव के लालखेड़ा चौकी के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बक्से में युवक का शव मिला. इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पत्नी ने ही पति की हत्या करके शव को बक्से में भरकर फेंक दिया था. पुलिस ने महिला समेत 4 आरोपियों को पकड़ लिया है.
उन्नाव, ज्ञानेंद्र प्रताप: उन्नाव के सदर कोतवाली के लाल खेड़ा चौकी के पास मंगलवार देर रात एक बक्से ने इलाके में सनसनी फैला दी. पुलिस ने जब बक्से को खोला तो उसमें एक युवक का शव बरामद हुआ. इस मामले की जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया. जिस पति के साथ महिला आठ साल से रह रही थी, उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. उसके बाद शव को बक्से में भरकर फेंक दिया.
पहले पति से लगभग 9 साल पहले हुआ था अलगाव
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला का अपने पहले पति से लगभग नौ साल पहले अलगाव गया था. इसके बाद उसने दूसरे युवक से शादी कर ली और पिछले आठ सालों से दोनों एक साथ रह रहे थे. हालांकि, ऐसा क्या हुआ किउनके रिश्ते का अंजाम इतना भयानक रहा, इसका खुलासा पुलिस की पूछताछ के बाद ही साफ हो पाएगा.
हत्या की साजिश में अन्य सहयोगी भी शामिल
शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या में अन्य लोगों के शामिल होने का संदेह है. पुलिस ने आरोपी महिला और उसके तीन सहयोगियों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
बक्से में मिला था युवक का शव
दरअसल, युवक की हत्या कर शव को एक बड़े बक्से में भरकर उन्नाव-लालगंज हाईवे पर फेंक दिया गया था. इस बक्से को देखकर ग्रामीण हैरान हो गए. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे ही बक्से को खोला तो वह सन्न रह गई. बक्से के अंदर 32 वर्षीय युवक का शव था. जिसके आंख और कान के पास गंभीर चोट के निशान थे. निशान को देख ऐसा लग रहा था कि किसी भारी चीज से वार कर उसकी हत्या की गई है. पुलिस तुरंत मामले की जांच में जुट गई.
पन्नी में लिपटा था युवक का सिर
पुलिस की मानें तो पैंट शर्ट पहने युवक का सिर पन्नी से लिपटा हुआ था. आंख और कान के पास गंभीर जख्म थे. इस घटना की जांच एसपी जयप्रकाश सिंह, सीओ विनी सिंह व सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने की. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. पुलिस को शक था कि युवक की हत्या कहीं और की गई. उसके बाद शव को बक्से में भरा गया और लोडर में रखकर यहां फेंका गया.
एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया था कि शव की पहचान और घटना का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की पांच सदस्यीय टीम गठित की गई थी. स्वाट व सर्विलांस को भी लगाया गया. जिसका नतीजा यह रहा कि पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाली पत्नी और उसके तीन साथियों को धर दबोचा.
यह भी पढ़िए: शिवा शर्मा मर्डर मिस्ट्री: बदनामी का बदला और जान की कसम... मॉडल श्रद्धा दुबे के कथित ऑडियो ने खोले कई राज