App

शिवा शर्मा मर्डर मिस्ट्री: बदनामी का बदला और जान की कसम... मॉडल श्रद्धा दुबे के कथित ऑडियो ने खोले कई राज

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में दो ऑडियो वायरल हुए हैं. इन कथित ऑडियो में श्रद्धा दुबे शिवा शर्मा को धमकाती और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती सुनाई दे रही है. इतना ही नहीं, वह शिवा को सबक सिखाने की बात भी कह रही है.

शिवा शर्मा मर्डर मिस्ट्री: बदनामी का बदला और जान की कसम... मॉडल श्रद्धा दुबे के कथित ऑडियो ने खोले कई राज

लखनऊ, मयूर शुक्ला: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्‍ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. इस मामले की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे के दो कथित ऑडियो सामने आए हैं. इन वायरल ऑडियो क्लिप्स में श्रद्धा गुस्से में शिवा को धमकाती, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती और उसकी जान लेने की बात कहती सुनाई दे रही है. इससे पहले पुलिस और एसटीएफ ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है.

जानिए ऑडियो में क्या है?
सामने आए पहले ऑडियो में श्रद्धा, शिवा पर अपनी बदनामी का आरोप लगाती सुनाई दे रही है. श्रद्धा कह रही है कि शिवा की वजह से समाज में उसका नाम खराब हुआ है. शिवा ने उसे लेकर ऐसी स्थिति पैदा कर दी, जिससे लोग उसके बारे में तरह-तरह की बातें करने लगे. इस दौरान श्रद्धा एक अधिकारी का भी जिक्र कर रही है. वह कहती है कि उन्हें शिवा के बारे में जानकारी मिली है और पहले उसकी आर्थिक स्थिति ठीक थी, लेकिन बाद में उसे नुकसान हुआ. श्रद्धा की बात पर शिवा कहता है कि अगर उसकी पूरी डिटेल निकाली गई है, तो श्रद्धा धमकाते हुए कहती है कि जब लोग उसकी जानकारी निकाल सकते हैं, तो वे कुछ भी कर सकते हैं.

शिवा शर्मा को धमकाती सुनाई दे रही श्रद्धा
कथित ऑडियो में आगे अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए श्रद्धा कहती है कि शिवा ने उससे कभी साथ नहीं छोड़ने का वादा किया था, लेकिन अब वह उसे छोड़कर जा रहा है. शिवा पूरे शहर में यह दिखा रहा था कि वह उसे घुमा रहा है. इसके बाद वह धमकी भरे लहजे में कहती है कि जितना घुमा-घुमाकर शिवा ने उसका नाम खराब किया है, उतना ही घुमा-घुमाकर वह उसे मारेगी, ताकि लोग उसे याद रखें. शिवा से बातचीत के दौरान एक तीसरे व्यक्ति की आवाज भी सुनाई देने की बात सामने आई है.

दूसरे ऑडियो क्लिप में अभद्र भाषा का इस्तेमाल 
अब अगर बात करें दूसरे कथित ऑडियो की तो इसमें श्रद्धा किसी व्यक्ति को फोन करके अपने घर आने के लिए कहती है. श्रद्धा कहती है कि एक बहुत बड़ा मामला हो गया है. इस बातचीत में भी श्रद्धा अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती सुनाई देती है. उसका कहना है कि शिवा की गाड़ी में घूमने की वजह से वह बदनाम हो चुकी है और अब वह उसकी धज्जियां उड़ाएगी. वह उसकी जान की कसम खाती है और उसे मारने की बात भी कहती सुनाई दे रही है.

बातचीत के दौरान ऋषभ नाम के शख्स का जिक्र
कथित ऑडियो में श्रद्धा शिवा से यह भी कहती सुनाई दे रही है कि लोग उसके बारे में तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और उसकी इमेज खराब हो गई है. क्या शिवा को लगता है कि वह उसे माफ कर देगी. इस बातचीत के दौरान श्रद्धा किसी ऋषभ नाम के शख्स का भी जिक्र करती है. श्रद्धा कहती है कि ऋषभ उसके पीछे पड़ा रहता था, लेकिन उसने उसे इग्नोर करने के बावजूद उसके साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया. इसके अलावा शिवा पर आरोप लगाते हुए श्रद्धा दुबे कहती है कि उसने अपना काम निकालने के बाद उसे इग्नोर करना शुरू कर दिया.

वायरल हो रहे इन ऑडियो क्लिप्स ने इस पूरी घटना को और रहस्यमयी बना दिया है. हालांकि, इन ऑडियो की प्रामाणिकता और रिकॉर्डिंग के समय की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

जानिए अब क्या होगा आगे?
फिलहाल, गिरफ्तारी के बाद नागपुर के बेलतरोड़ी और हुड़केश्वर थाने में आरोपियों से पूछताछ की गई. इसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया. अब यूपी एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर प्रदेश लाने की तैयारी कर रही है, जहां इस पूरे मामले की परतें खोली जाएंगी. आज रात तक आरोपी लखनऊ पहुंचेंगे. इसके बाद श्रद्धा की लखनऊ कोर्ट में पेशी होगी और पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More