कौन है आजमगढ़ की बबिता? टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में आरोपियों को पहुंचाया हथियार! दिल्ली से गिरफ्तार
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग केस में आजमगढ़ कनेक्शन सामने आया है. आजमगढ़ की रहने वाली बबिता नाम की 22 साल की लड़की को भी गिरफ्तार किया गया है.
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुए जानलेवा हमले के मामले में आजमगढ़ की एक महिला बबिता को दिल्ली से हिरासत में लिया गया है. इसके बाद स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं. आजमगढ़ के एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर जानकारी जुटाई जा रही है. वहीं, इस मामले में बबीता के परिजन ने अपनी लड़की को निर्दोष बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है.
नमकीन की फैक्ट्री में पैकिंग का काम करती थी
आजमगढ़ के तहबरपुर थाना क्षेत्र के कोठीयार निवासी रामजतन के पांच बच्चे हैं. बबिता चौथे नंबर की संतान है. बबिता ने शुरुआती पढ़ाई आजमगढ़ से की. इसके बाद वह सुल्तानपुर से स्नातक किया. घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. ऐसे में वह नौकरी की तलाश में हरियाणा के सोनीपत चली गई. बबिता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी सोनीपत हरियाणा में किसी नमकीन कंपनी में पैकिंग का काम करती थी. उनके पड़ोस में रहने वाली पड़ोस की महिला उसे बहला-फुसलाकर मुंबई ले गई थी.
राधा के साथ रहती थी बबिता
दिल्ली में जांच के दौरान पुलिस ने उनकी बेटी और उसके साथ की लड़की को पकड़ा है. बबिता दिल्ली से गिरफ्तार राधा के साथ रहती थी. राधा के बैग में कुछ संदिग्ध सामान या हथियार बरामद हुआ था. इस पूरे मामले को लेकर जहां परिवार स्तब है, वहीं पिता ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है कि यदि उनकी बेटी दोषी होगी तो उसे सजा मिलेगी. पड़ोस के लोगों का कहना है कि उसका व्यवहार अच्छा रहा, किसी से वाद विवाद या परिवार में भी कोई अपराध का मामला नहीं रहा है.
दो साल पहले सोनीपत गई थी
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि हिरासत में ली गई बबिता दो साल पहले सोनीपत गई थी. उसकी पृष्ठभूमि और उसके संपर्कों की जांच कर रही है. दिल्ली, हरियाणा या मुंबई पुलिस को किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर आजमगढ़ पुलिस पूरा सहयोग करेगी. बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर तीन हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी. इसमें टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर को गोली लग गई थी.
(आजमगढ़ से वेदेन्द्र प्रताप शर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: सीतापुर की 'राधा' का 10 साल पुराना सच, एक दशक पहले ही पति से तोड़ लिए थे सारे रिश्ते