)
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हुई, जिसकी वजह से ठंड महसूस होने लगी है. हालांकि, आज उतनी ठंड महसूस नहीं हुई. इस बीच मौसम विभाग ने आंधी और बारिश को लेकर नया अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग का कहना है कि 17 अक्टूबर को यूपी में मूसलाधार बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी.
इतना ही नहीं पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज जिन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, बरेली, महाराजगंज, बाराबंकी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, बस्ती, बलिया, फतेहपुर, रायबरेली, मऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़ और मैनपुरी शामिल हैं. मौसम विभाग का कहना है कि 17 अक्टूबर के बाद पश्चिमी यूपी धीरे-धीरे मौसम साफ होने लगेगा. 21 अक्टूबर तक यहां मौसम पूरी तरह शुष्क हो सकता है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि यूपी में आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है. लखनऊ समेत कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हो सकता है, जिससे धूप तेज खिलेगी और दिन के तापमान में थोड़ा इजाफा हो सकता है. हालांकि, रातें ठंडी होने लगेंगी और तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आएगी, जिससे सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी.
कहां-कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, हाल ही में हुई बारिश के दौरान बागपत, मथुरा और मुजफ्फरनगर में अच्छा पानी बरसा. आंकड़ों की बात करें तो बागपत में 58 मिलीमीटर, मथुरा में 34 मिलीमीटर और मुजफ्फरनगर में 34.2 मिलीमीटर बारिश हुई है. इसी बीच, प्रयागराज के झूंसी में गंगा नदी के बीच बजरंग दास का आश्रम शुक्रवार रात अचानक गिर गया. मलबे में दबकर तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने दलदल पार कर सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब कमजोर पड़ रहा है. इसके चलते बादलों की सक्रियता कम होगी और धूप अधिक खिलेगी. अगले एक सप्ताह में दिन गर्म और रातें ठंडी होने लगेंगी.