)
UP Weather Forecast: लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है. आगामी 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग मिजाज नजर आएगा. मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने के आसार हैं.
पश्चिमी यूपी में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसमी हलचल बनी रहेगी. जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है वो है, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, बरेली और पीलीभीत समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है.
इन जिलों में तेज हवाएं और ओलावृष्टि
16 और 17 अक्टूबर को यहां कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ-साथ 40 से 55 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है. हालांकि, 17 अक्टूबर के बाद पश्चिमी यूपी में आहिस्ता-आहिस्ता मौसम साफ होने लगेगा और 21 अक्टूबर तक यहाँ पूरी तरह शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है.
राजधानी लखनऊ का मौसम
राजधानी लखनऊ की बात करें तो 16 अक्टूबर को यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ 30 से 55 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में राहत, मौसम रहेगा शुष्क
पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आने वाले दिन राहत के रहने वाले हैं. 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 के बीच इस पूरे क्षेत्र में मौसम आमतौर पर शांत और शुष्क बना रहेगा. यहां बारिश या किसी अन्य मौसमी चेतावनी के फिलहाल कोई संकेत नहीं हैं, जिससे आम जनजीवन और कृषि गतिविधियां पूरी तरह सामान्य रहेंगी.
पिछले 24 घंटों का तापमान रिकॉर्ड
मौसम केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य का तापमान मिला-जुला रहा. अधिकतम तापमान की बात करें तो सबसे गर्म जिला फतेहपुर रहा, जहाँ पारा 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा आगरा में 34.9°C और प्रयागराज में 34.6°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई में 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, कानपुर नगर में 19.8°C और बरेली, नजीबाबाद व बस्ती में न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सलाह दी है कि वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए अपनी जरूरी गतिविधियां और फसलों की सुरक्षा की योजना उसी अनुसार तय करें.