)
UP Rajya Sabha Chunav: राज्यसभा की 8 सीटों के लिए बीजेपी ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया. बीजेपी की लिस्ट ने सभी को चौंका दिया है. जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा थी, उनमें से कई चेहरे सूची से बाहर हैं. पार्टी ने पुराने चेहरों की जगह नए नामों पर भरोसा जताया है. 8 उम्मीदवारों की लिस्ट में 4 ओबीसी, 2 ब्राह्मण और 2 महिला चेहरे शामिल हैं. साफ है कि बीजेपी ने टिकट बंटवारे में सामाजिक समीकरणों के साथ नए चेहरों को जगह दी है.
इनको दिया गया टिकट
बीजेपी की 8 उम्मीदवारों की लिस्ट में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्या सागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप चौहान और श्रुति गंगवार को टिकट दिया है. पुराने जिन नामों की चर्चा थी, उन्हें लिस्ट में जगह नहीं दी गई है. इसमें स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, कौशल किशोर, हरदीप पुरी के नाम की चर्चा सबसे ज्यादा थी.
धर्मपाल सिंह का परिचय
धर्मपाल सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री (पशुधन एवं दुग्ध विकास) और बरेली की आंवला विधानसभा सीट से विधायक हैं. वह यूपी की राजनीति की नस नस से वाकिफ हैं. वह पश्चिमी यूपी के बड़े ओबीसी (लोधी राजपूत) नेताओं में शुमार हैं और लंबे समय से बीजेपी संगठन और सरकार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
राधाकांत ओझा
राधाकांत ओझा प्रयागराज के वरिष्ठ अधिवक्ता और इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं. लीगल फ्रंट पर पार्टी और वकीलों के बीच मजबूत पैठ रखने वाले प्रबुद्ध वर्ग (ब्राह्मण) के बड़े चेहरे हैं.
प्रकाश पाल
प्रकाश पाल बीजेपी उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं. इससे पहले कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं. वह पाल (OBC) समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं और सांगठनिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं.
विद्या सागर सोनकर
विद्या सागर सोनकर उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के सदस्य और बीजेपी के पूर्व प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं. पूर्वांचल के जौनपुर से ताल्लुक रखने वाले दलित समाज (सोनकर/खटीक) के बड़े नेता हैं. इनकी संगठन में लंबे समय से मजबूत पकड़ रही है.
गोपी कृष्णा पांडेय
गोपी कृष्ण पांडेय भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ संगठनात्मक नेता हैं. पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में प्रबुद्ध वर्ग (ब्राह्मण) के बीच पार्टी के जनाधार को मजबूत करने और सांगठनिक समन्वय में इनकी सक्रिय भूमिका रही है.
प्रियंका सिंह रावत
प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी लोकसभा सीट से पूर्व सांसद और बीजेपी की प्रदेश मंत्री हैं. वह दलित (पासी) समुदाय की एक सशक्त महिला चेहरा हैं, जिन्होंने क्षेत्र में जनहित के मुद्दों और महिला सशक्तिकरण पर लगातार काम किया है.
राम प्रताप चौहान
राम प्रताप चौहान आगरा के एत्मादपुर के पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं. ब्रज क्षेत्र के क्षत्रिय राजपूत समाज के प्रभावशाली नेता हैं और संगठन में लंबे समय से समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत रहे हैं.
श्रृति गंगवार
श्रुति गंगवार रुहेलखंड बरेली मंडल से बीजेपी की सक्रिय महिला एवं युवा नेता हैं. वह कुर्मी समाज से आती हैं. पार्टी ने इन्हें मौका देकर रोहिलखंड क्षेत्र में कुर्मी ओबीसी वोट बैंक और महिला प्रतिनिधित्व दोनों को साधा है.