दिवाली पर यूपी के 2.72 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! जानें किस श्रेणी को कितना मिलेगा पैसा
योगी सरकार ने 2.72 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाया, 4 श्रेणियों में नई दरें लागू. जानें किसे कितना मिलेगा.
लखनऊ: यूपी के 2.72 लाख से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए योगी सरकार दिवाली से पहले बड़ा तोहफा लेकर आई है. सरकार ने सभी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मानदेय की नई दरें तय कर दी हैं. कर्मचारियों के मानदेय में करीब डेढ़ गुना तक की बढ़ोतरी की गई है.
सितंबर से लागू, नवंबर में मिलेगा एरियर
खास बात ये है कि नई दरें 2 सितंबर 2026 से ही लागू मानी जाएंगी. कर्मचारियों को नवंबर में मिलने वाले अक्टूबर की सैलरी के साथ सितंबर का एरियर भी दिया जाएगा. जिन कर्मचारियों को पहले से नई दरों से ज्यादा मिल रहा है, उनका वेतन नहीं घटेगा. सरकार के आदेश के मुताबिक, आइए जानते हैं किस ग्रुप को कितना वेतन मिलेगा.
किस श्रेणी को कितना मिलेगा?
कैटेगरी-1: कुल मानदेय - 39,000 रुपये. इसमें EPF-ESI नहीं कटेगा. सरकार अलग से 1,501 रुपये सर्विस चार्ज और 390 रुपये यूपी डेस्कॉम सेंटेज देगी।
कैटेगरी-2: कुल मानदेय -21,947 रुपये. EPF (2,633.64 रु) और ESI (160.60 रु) काटकर खाते में आएंगे 19,148.76 रुपये.
कैटेगरी-3: इस वर्ग के कर्मचारियों का कुल पारिश्रमिक 19,446 रुपए तय किया गया है. इसमें EPF के 2,333. 22 रुपए और ESI के 145.85 रुपए की कटौती होगी. इसके बाद कर्मचारियों को 16,999.64 रुपए मिलेंगे
कैटेगरी--4: कुल मानदेय-17,646 रुपये. EPF (2,117.52 रु) और ESI (132.35 रु) काटकर खाते में आएंगे 15,396.14 रुपये.
EPF-ESI और GST भी सरकार भरेगी
सरकार ने साफ किया है कि कर्मचारी के हिस्से के अलावा नियोक्ता का EPF-ESI अंशदान, 18% GST, सर्विस चार्ज और यूपी डेस्कॉम सेंटेज का खर्च भी सरकार ही उठाएगी. प्रमुख सचिव के मुताबिक, EPF-ESI जोड़कर देखें तो कर्मचारियों को सरकार द्वारा घोषित 20 हजार, 22 हजार, 25 हजार और 40 हजार से भी ज्यादा का लाभ मिलेगा. EPF का पैसा भविष्य में कर्मचारियों को ही वापस मिलेगा. साथ ही सभी को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा का लाभ भी दिया जाएगा. सरकार के इस फैसले से प्रदेश के विभिन्न विभागों में काम कर रहे 2.72 लाख से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधा फायदा होगा.
योगी आदित्यनाथ बने देश के नंबर-1 मुख्यमंत्री, बेस्ट CM सर्वे 2026 में हासिल किया पहला स्थान