यूपी की 11 MLC सीटों पर काउंटिंग कल: किसके सिर सजेगा जीत का ताज? यहां होगी मतगणना
यूपी एमएलसी चुनाव की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी. 11 सीटों पर कुल 54.58 फीसदी मतदान हुए थे. मंगलवार को मतगणना होगी.
यूपी एमएलसी की 11 सीटों के लिए मतगणना कल 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी. विधान परिषद की स्नातक की 5 और शिक्षक की 6 सीटों के लिए मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है. लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं. 23 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी.
गोरखपुर विश्वविद्यालय में तैयारियां पूरी
गोरखपुर–फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में सुबह 8 बजे से शुरू होगी. मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों ने मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं. वहीं, स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी के लिए प्रत्याशियों को सीसीटीवी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.
झांसी के बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज में होगी मतगणना
झांसी के बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज के कोठारी हॉल में मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली एमएलसी चुनाव की मतगणना से पहले सोमवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसएसपी विकास कुमार ने मतगणना कर्मियों के साथ तैयारी का जायजा लिया. यहां इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी सीट के मतों की गिनती की जाएगी, जिसके लिए 14 टेबल लगाई गई है, और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है.
लखनऊ में कहां होगी मतगणना?
वहीं, लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना रमाबाई रैली स्थल पर हॉल नंबर 7 में होगी. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना हॉल नंबर 8 में कराई जाएगी. मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. भारी पुलिस फोर्स की तैनाती रहेगी. डीएम ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया है.
वाराणसी और मेरठ में होगी काउंटिंग
इसके अलावा वाराणसी में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना स्टेट वेयरहाउस कॉरपोरेशन के हॉल नंबर 1 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना हॉल नंबर 2 में होगी. मेरठ में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना सरदार वल्लभभाई पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, मोदीपुरम के गांधी हॉल भवन के हॉल ए में होगी. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना हॉल बी में कराई जाएगी. आगरा में नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति टूंडला रोड पर हॉल नंबर 1 में होगी.
23 अक्टूबर को हुई वोटिंग
यूपी एमएलसी चुनाव की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी. 11 सीटों पर कुल 54.58 फीसदी मतदान हुए थे. खंड स्नातक सीट की बात करें तो लखनऊ पर 39.83 फीसदी मतदान हुआ है. मेरठ में 35.81 फीसदी मतदान, आगरा में 49.75 फीसदी वोटिंग, वाराणसी में 41.11 फीसदी मतदान हुआ था. इलाहाबाद-झांसी में 41.40 फीसदी वोटिंग हुई थी.
यह भी पढ़ें ; यूपी बीजेपी वर्किंग कमेटी का ऐलान: पीएम मोदी-सीएम योगी समेत ये 30 नाम, देखें पूरी लिस्ट