होमगार्ड मेडिकल टेस्ट में बड़ा खेल: कानपुर में डॉक्टर-ड्राइवर समेत 3 गिरफ्तार, अनफिट करने का डर दिखाकर करते थे उगाही
UP Home Guard Recruitment Scam: कानपुर में होमगार्ड भर्ती के मेडिकल टेस्ट में रिश्वतखोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अभ्यर्थियों को मेडिकल जांच में अनफिट करने का डर दिखाकर वसूली करने के आरोप में डॉक्टर और ड्राइवर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस की जांच में एक आरोपी के बैंक खाते में करीब तीन लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया है.
UP Home Guard Recruitment Scam/ प्रवीण पांडे: कानपुर में होमगार्ड भर्ती को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस ने मेडिकल टेस्ट के नाम पर चल रहे रिश्वतखोरी के एक बड़े खेल का भंडाफोड़ किया है. यहां मेडिकल टेस्ट में अभ्यर्थियों को अनफिट करार देने का खौफ दिखाकर रकम उगाही की जाती थी. इस मामले में पुलिस ने एक सरकारी डॉक्टर और उसके ड्राइवर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. जबकि, पुलिस दो से तीन अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है.
सेंध लगाने वाले सिंडिकेट में हड़कंप
पुलिस की जांच में एक आरोपी के बैंक खाते में करीब तीन लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया है. जबकि, मौके से 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपियों के खिलाफ परीक्षा अधिनियम और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस पूरे वसूली नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से भर्ती प्रक्रिया में सेंध लगाने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है.
यह भी पढ़िए: शिवा शर्मा हत्याकांड में नया मोड़: नेपाल में रिक्शे पर घूम रही श्रद्धा दुबे, 25 हजार का इनामी ऋषभ राय जिला बदर
कैसे हुआ इस कांड का खुलासा?
इस कांड का खुलासा तब हुआ, जब गुरुवार को कानपुर पुलिस लाइन ग्राउंड में होमगार्ड भर्ती के लिए मेडिकल टेस्ट हो रहा था. उम्मीदवारों का कहना था कि मेडिकल पैनल में मौजूद डॉक्टरों ने शुरुआत में करीब 10 से 20 छात्रों का ही सही मेडिकल टेस्ट किया. इसके बाद करीब 70 उम्मीदवारों को अनफिट घोषित कर दिया गया. यह सिलसिला शाम तक चला, जिसके बाद वहां मौजूद उम्मीदवारों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन में हंगामा शुरू कर दिया.
उम्मीदवारों ने लगाए थे संगीन आरोप
इस हंगामे के दौरान उम्मीदवारों ने एक डॉक्टर की कार में बैठे एक युवक को बाहर निकालकर जमकर पीटा. होमगार्ड भर्ती में शामिल उम्मीदवारों ने आरोप लगाया है कि मेडिकल में फिट कराने के नाम पर उनसे वसूली की जा रही है. एक उम्मीदवार का कहना है कि उन्हें नाक की हड्डी टेढ़ी और आंखों की रोशनी कमजोर बताकर अनफिट करार किया जा रहा था. उनका यह भी आरोप था कि कानपुर की रिजर्व पुलिस लाइन में होमगार्ड भर्ती के मेडिकल परीक्षण के दौरान फिट घोषित करने के एवज में अभ्यर्थियों से 15 हजार से 50 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की मांग की जा रही थी.
हंगामे के बाद मेडिकल निरस्त
इस पूरे मामले के दौरान पुलिस ने कहा था कि अगर उन्होंने मेडिकल फिट घोषित होने के लिए पैसे दिए हैं, तो वह खुद बता दे नहीं तो बाद में पुलिस जांच करेगी और आरोप की पुष्टि होने पर छात्रों पर भी कार्रवाई होगी. इस पूरे हंगामा के बाद होमगार्ड कमांडेंट प्रीति शर्मा ने बताया था कि मेडिकल निरस्त कर दिया गया है और उम्मीदवारों के लिए जल्द ही नई तारीख की घोषणा की जाएगी.
यह भी पढ़िए: युवाओं के लिए खुशखबरी: ARO के 373 और RO के 129 पदों पर बंपर भर्ती, जानें पूरी डिटेल