मयूर शुक्ला/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है. राजधानी लखनऊ में कांग्रेस का एक विशाल पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें पार्टी ने 200 सीटों पर दावेदारी का ऐलान कर दिया है. सड़क किनारे लगे इस बड़े होर्डिंग में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बड़ी तस्वीर लगी है, जिसके साथ बड़े अक्षरों में लिखा है- "200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा"
विधानसभा चुनाव से पहले पोस्टरों के जरिए कांग्रेस ने 200 सीटों पर अपना दावा जताया है। हालांकि, सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी.
लखनऊ में लगाए गए पोस्टरों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी की तस्वीरें लगी हैं. इसके अलावा इमरान मसूद, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की तस्वीरें भी पोस्टरों में शामिल हैं. बताया जा रहा है कि यह पोस्टर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगाया गया है. राहगीर इस पोस्टर को देखकर रुक रहे हैं और मोबाइल से फोटो-वीडियो बना रहे हैं. एक व्यक्ति तो अपनी कार रोककर इस पोस्टर की फोटो भी ली.
कांग्रेस का यह पोस्टर ऐसे समय में सामने आया है जब यूपी में INDIA गठबंधन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं. समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में कांग्रेस कितनी सीटों पर लड़ेगी, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन 200 सीटों का दावा कर कांग्रेस ने अपनी मंशा साफ कर दी है.
कांग्रेस ने 2024 में सपा गठबंधन में 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था. इनमें से पार्टी ने 6 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि विधानसभा के लिहाज से देखें तो कांग्रेस 38 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों में आगे रही थी. इसी परफॉर्मेंस को आधार बनाते हुए कांग्रेस ने 175 से 200 सीटों की एक विशलिस्ट तैयार की है. सूत्रों के अनुसार इस लिस्ट को चार कैटेगरी - A, B, C और D में बांटा गया है, जिसे सपा नेतृत्व को सौंप दिया गया है.
कांग्रेस प्रवक्ता, अंशु अवस्थी ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी से लगातार बातचीत चल रही है और जैसे ही कोई स्पष्ट नंबर आएगा हम आपको सूचित करेंगे. हमारा उद्देश्य 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर करना है, क्योंकि योगी सरकार में दलितों, महिलाओं, ब्राह्मणों और मुस्लिमों पर अत्याचार हुए हैं. ऐसी सरकार जो विकास नहीं कर सकती और अपराधियों को संरक्षण देती है, उसे हटाना हमारा लक्ष्य है.
पार्टी के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद लगातार शीर्ष नेतृत्व पर सम्मानजनक सीट शेयरिंग के लिए दबाव बना रहे हैं. उनका कहना है कि अगर कार्यकर्ताओं को सम्मानजनक हिस्सेदारी नहीं मिली तो जमीनी स्तर पर संगठन को एकजुट रखना मुश्किल हो जाएगा.
कांग्रेस के इस आक्रामक रुख और लखनऊ में शुरू हुए पोस्टर वॉर से समाजवादी पार्टी खेमे में हलचल तेज हो गई है. खबरों के मुताबिक, सपा 50-60 सीटों से ज्यादा देने के पक्ष में नहीं थी, लेकिन अब कांग्रेस द्वारा सीधे 200 सीटों का दावा ठोक देने के बाद दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व को सीट बंटवारे पर जल्द फैसला लेना पड़ सकता है.