विरासत में गद्दी मिल सकती है बुद्धि नहीं: कानपुर से सीएम योगी का अखिलेश पर हमला
वाल्मीकि जयंती पर कानपुर के बिठूर पहुंचे सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि अखिलेश दोबारा मुख्यमंत्री बनने का सपना छोड़ दें.
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर कानपुर के बिठूर पहुंचे. यहां सीएम योगी ने 411 करोड़ रुपये की 48 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. साथ ही सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. सीएम योगी ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि विरासत में गद्दी मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिलती. बुद्धि के लिए जमीन पर काम करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बनने का सपना छोड़ दें, क्योंकि जनता उनके पुराने कारनामों को देखते हुए उन्हें नकार चुकी है.
महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन पूजन किया
कानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले बिठूर में महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन-पूजन किया. इसके बाद वे नाना राव पेशवा पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने पहले नाना साहब पेशवा की मूर्ति पर फूल चढ़ाए, उसके बाद सरकारी विभागों की विकास प्रदर्शनी को देखा और विभिन्न योजनाओं के कई लाभार्थियों को चेक व स्वीकृति पत्र सौंपे.
सपा-कांग्रेस को पाकिस्तानी घुसपैठियों से लगाव
अपने भाषण में सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासन का एकमात्र काम दंगा, अराजकता और गंदगी फैलाना था. उन्होंने तंज कसा कि छोटे मियां और बड़े मियां की राजनीति करने वालों को देश के गरीबों, युवाओं और दलितों से कोई मतलब नहीं है, बल्कि उन्हें बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से लगाव है. उन्होंने कहा कि सपा सरकार में फर्जी राशन कार्ड बनाकर घुसपैठियों को मदद दी जाती थी और गरीबों का हक छीना जाता था.
जवाहरबाग कांड का जिक्र किया
2017 से पहले के समय को याद दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा कि उस वक्त प्रदेश के युवा नौकरी के लिए तरसते थे. बहन-बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी और दंगाइयों को सम्मानित किया जाता था. मथुरा के जवाहरबाग कांड का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि जब पुलिस अधिकारी कार्रवाई करने गए तो सपा के माफिया ने उनकी हत्या कर दी थी.
प्रदेश का पैसा कब्रिस्तान बनने में खर्च होता था
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश का पैसा माफिया और अवैध कब्जों, कब्रिस्तानों को बनने में खर्च होता था. आज भाजपा की डबल इंजन सरकार में वही पैसा महर्षि वाल्मीकि आश्रम के विकास, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या राम मंदिर, कानपुर मेट्रो और एक्सप्रेसवे जैसी विकास योजनाओं पर साफ-सुथरे तरीके से खर्च हो रहा है. आखिर में उन्होंने गणेश शंकर विद्यार्थी और बच्चा सोनकर के योगदान को याद करते हुए जनता से अपील की कि वे प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास की इस यात्रा को लगातार मजबूत बनाए रखें.
(कानपुर से प्रवीण पांडेय की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : अतीक अहमद के अवैध साम्राज्य पर फिर चला पुलिस का डंडा; मदनलाल के नाम दर्ज 30 करोड़ की 14 बेनामी संपत्तियां कुर्क