प्रयागराज, मो. गुफरान: यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के दफ्तर से डिजिटल डाटा और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब होने का मामला सामने आया है. मंत्री नंदी की सोशल मीडिया टीम से जुड़े दो युवकों के खिलाफ प्रयागराज के कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है. आरोप है कि दोनों युवकों ने न सिर्फ दफ्तर का डिजिटल डेटा गायब किया, बल्कि मंत्री का फर्जी सरकारी लेटरपैड भी तैयार किया है, जिसका गलत इस्तेमाल होने की आशंका जताई गई है.
यह पूरा मामला प्रयागराज के बहादुरगंज इलाके का है, जहां कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी का आवास और कार्यालय है. यहीं से उनकी सोशल मीडिया टीम काम करती है. मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के मीडिया सलाहकार दिव्यांशु शेखर सिंह की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी गई है. जिस पर पुलिस ने बीएनएस की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नंदी के मीडिया सलाहकार दिव्यांश शेखर सिंह के मुताबिक, सोशल मीडिया की टीम में ग्राफिक्स डिजाइन और वीडियो एडिटिंग का काम गौरव मिश्रा देखता था. उसके पास मंत्री से संबंधित डिजिटल डाटा, फोटो, हार्ड डिस्क और यूट्यूब अकाउंट का एक्सेस था. कार्यालय के कर्मचारियों ने कंप्यूटर और दराज की जांच की तो डिजिटल डाटा और महत्वपूर्ण दस्तावेज नहीं मिले.
आरोप है कि गौरव मिश्रा ने पहले मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के यहां काम कर चुके दुर्गेश कुमार सिंह के साथ मिलकर उनके महत्वपूर्ण डिजिटल डाटा के अलावा दस्तावेज भी गायब कर दिया है. दोनों ने मंत्री के फर्जी सरकारी लेटरपैड भी बनाए. कोतवाली थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है. मामले की जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.