यूपी चुनाव 2027: EVM पर भरोसा बढ़ाने से फॉर्म-17C तक, चुनाव आयोग ने अभी से कसी कमर
यूपी चुनाव 2027 से पहले निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कीं. EVM जागरूकता, फॉर्म-17सी, सोशल मीडिया निगरानी और मतदाता सूची पर खास जोर दिया.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी कई महीने बाकी हैं, लेकिन निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आयोग का जोर सिर्फ मतदान की व्यवस्था करने पर नहीं, बल्कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर भी है. ईवीएम और वीवीपैट के प्रति मतदाताओं का भरोसा बढ़ाने, फॉर्म-17सी के सही इस्तेमाल, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी और मतदाता सूची को दुरुस्त करने जैसे मुद्दों पर अधिकारियों को खास निर्देश दिए गए हैं.
शुक्रवार को गोरखपुर में आजमगढ़ और विंध्याचल मंडल के छह जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई. भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा समेत आयोग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने अपने जिलों की तैयारियों का ब्योरा दिया.
फॉर्म-17सी पर खास जोर, एजेंटों को मिलेगी सत्यापित कॉपी
बैठक में मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फॉर्म-17सी को लेकर विशेष निर्देश दिए गए. यह फॉर्म मतदान केंद्र पर पड़े वोटों का लेखा-जोखा रखने के लिए इस्तेमाल होता है. आयोग ने पीठासीन अधिकारियों के प्रशिक्षण में इसके भाग-एक को सही तरीके से भरने पर जोर दिया है. मतदान खत्म होने के बाद पीठासीन अधिकारी दर्ज मतों का पूरा ब्योरा फॉर्म-17सी के भाग-एक में दर्ज करेंगे. इसकी सत्यापित कॉपी मतदान केंद्र पर मौजूद हर मतदान अभिकर्ता को दी जाएगी. उनसे इसकी पावती भी ली जाएगी. जिला निर्वाचन अधिकारियों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस पूरी प्रक्रिया को समझाने के निर्देश दिए गए हैं.
गांव-मोहल्लों तक पहुंचेगी EVM जागरूकता वैन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि ईवीएम की पहली स्तरीय जांच पूरी होने के बाद 20 नवंबर से सभी जिला और तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन केंद्र शुरू किए गए हैं. हर विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल जागरूकता वैन भी चलाई जाएंगी. ये वैन गांवों, मोहल्लों और मतदान केंद्रों तक पहुंचकर लोगों को ईवीएम से वोट डालने की प्रक्रिया समझाएंगी.
मतदाताओं को वीवीपैट के बारे में भी बताया जाएगा. उन्हें जानकारी दी जाएगी कि वोट डालने के बाद वीवीपैट स्क्रीन पर करीब सात सेकंड तक पर्ची दिखाई देती है. इससे मतदाता अपने वोट की पुष्टि कर सकते हैं. आयोग ने इस अभियान को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक स्तर पर चलाने को कहा है.
सोशल मीडिया और पेड न्यूज पर रहेगी नजर
चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों को लेकर भी आयोग ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. जिला स्तर पर मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति यानी एमसीएमसी के सदस्यों को प्रशिक्षित किया जाएगा. राजनीतिक विज्ञापनों का नियमानुसार पहले से प्रमाणन कराने और पेड न्यूज की पहचान करने पर जोर दिया गया है. जिला निर्वाचन अधिकारियों को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ कार्यशालाएं करने को कहा गया है. सोशल मीडिया पर मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करनी होगी. किसी भ्रामक खबर या अफवाह का तथ्यात्मक सत्यापन कर उसका खंडन किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई भी होगी.
85 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को घर से वोट देने का विकल्प
आगामी विधानसभा चुनाव में 85 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा दी जाएगी. इसके लिए पात्र मतदाताओं को समय से फॉर्म-12डी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. जिलों में पहले से ऐसे मतदाताओं की पहचान कर मतदान दलों का गठन किया जाएगा.
आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए. युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. वहीं मृत, अनुपस्थित और दूसरी जगह जा चुके मतदाताओं के नामों का सत्यापन किया जाएगा. संभावित दोहरी प्रविष्टियों की भी जांच होगी. चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होनी है.
हर बूथ पर सुविधाओं और सुरक्षा की तैयारी
आयोग ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रोशनी और बैठने जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है. मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति भी ठीक कराई जाएगी. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान कर सुरक्षा का इंतजाम किया जाएगा. सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
मतदान के दिन कतार में लगे बुजुर्गों और महिलाओं के लिए जरूरत के अनुसार कुर्सी और बेंच रखी जाएंगी. पर्दानशीं महिला मतदाताओं की पहचान के लिए पर्याप्त महिला मतदान कर्मियों की तैनाती होगी. अधिकारियों को मतदान और मतगणना केंद्रों के साथ मतदान दलों की रवानगी और वापसी के स्थानों का भी निरीक्षण करने को कहा गया है. चुनावी खर्च और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों के लिए सी-विजिल ऐप का प्रचार किया जाएगा. उम्मीदवारों की सुविधा के लिए विकसित सुविधा ऐप के इस्तेमाल की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी. प्रदेश के सभी 75 जिलों में जिला संपर्क केंद्र और हेल्पलाइन-1950 सक्रिय हैं. आयोग ने इन माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं.
अब तक 39 जिलों की तैयारियों की समीक्षा
निर्वाचन आयोग प्रदेश में मंडलवार चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहा है. दो नवंबर को मेरठ में चार मंडलों के 18 जिलों और 19 नवंबर को आगरा में पांच मंडलों के 21 जिलों की समीक्षा हुई थी. गोरखपुर में 26 नवंबर को तीन मंडलों के 11 जिलों की तैयारियां परखी गईं. इसके बाद 27 नवंबर को आजमगढ़ और विंध्याचल मंडल के छह जिलों की समीक्षा की गई. शेष चार मंडलों के 19 जिलों की समीक्षा दिसंबर के पहले सप्ताह में लखनऊ में प्रस्तावित है. आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को तैयारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की खुद निगरानी करने को कहा है. साफ है कि चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही आयोग प्रशासनिक, सुरक्षा और मतदान व्यवस्था से जुड़ी कमियों को दूर करना चाहता है.