श्रद्धा दुबे जेल मुलाकात लिस्ट /लखनऊ: लग्जरी जीवनशैली के लिए चर्चित रही श्रद्धा दुबे से जेल में मुलाकात करने वालों की लिस्ट सामने आ गई है. जेल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा दुबे ने जेल प्रशासन को दी गई मुलाकाती सूची में केवल अपने पिता और रायबरेली निवासी परिजनों के नाम ही शामिल किए हैं. वहीं, उनके साथ पार्टी और रेस्टोंरेंट में समय बिताने वाले तमाम करीबी दोस्तों और परिचितों को इस सूची से बाहर कर दिया गया है.
जेल प्रशासन ने आरोपी श्रद्धा द्वारा सौंपी गई मुलाकातियों की लिस्ट को नियमानुसार पुलिस सत्यापन के लिए भेज दिया है. पुलिस रिपोर्ट आने के बाद ही सूची में दर्ज परिजनों को जेल में उनसे मिलने की परमीशन मिलेगी. चौंकाने वाली बात यह है कि जिन लोगों के साथ श्रद्धा अक्सर क्लबों, रेस्तरां और लग्जरी लाइफ जीती नजर आती थी, उनमें से किसी भी 'खास' का नाम इस लिस्ट में शामिल नहीं है.
जेल सूत्रों के अनुसार, रविवार को श्रद्धा अपने किसी परिचित या मिलने वाले के आने का इंतजार करती रही, लेकिन उससे मिलने जेल में कोई नहीं पहुंचा. जानकारी के मुताबिक जेल में दोनों बहनों के पास बुनियादी सामान की कमी पड़ गई, जिसके बाद श्रद्धा को बैरक की अन्य महिला बंदियों से मदद मांगनी पड़ी. महिला बंदियों ने इंसानियत के नाते श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि को कपड़े और अन्य जरूरी चीजें उपलब्ध कराईं.
अपनी हाई प्रोफाइल और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए जानी जाने वाली श्रद्धा दुबे का रुख जेल के भीतर पूरी तरह बदला हुआ सा नजर आया. शुक्रवार और शनिवार के बाद रविवार को उसने बैरक में पूजा-पाठ किया और ध्यान लगाया. वहीं, उसकी बहन रश्मि दुबे ने जेल में तीसरे दिन भी पूरी तरह मौन रही और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं की.