लखनऊ में कैफे मालिक शिवा शर्मा हत्याकांड में जेल में बंद मॉडल श्रद्धा दुबे की कहानी में अब एक नया सवाल खड़ा हो रहा है. सवाल सिर्फ जेल के भीतर उसकी दिनचर्या का नहीं, बल्कि उस डिजिटल दुनिया का भी है, जहां श्रद्धा की मौजूदगी से जुड़ी गतिविधियों में बदलाव के दावे किए जा रहे हैं. एक तरफ श्रद्धा दुबे जेल में बंद है, तो दूसरी तरफ उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर फॉलोअर्स बढ़ने और फॉलोइंग घटने की बात सामने आई है. आखिर इस अकाउंट को कौन संभाल रहा है? क्या यह सामान्य सोशल मीडिया गतिविधि है? या जांच के लिहाज से कोई अहम सुराग? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस ढूंढ रही है.
शिवा शर्मा हत्याकांड में जेल भेजी गई श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. जेल में दूसरे दिन की बेचैनी और तनाव की चर्चाओं के बीच अब श्रद्धा के सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि शिवा शर्मा हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद श्रद्धा के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या करीब 1 लाख 41 हजार से बढ़कर 1 लाख 44 हजार तक पहुंच गई. वहीं, उसके अकाउंट पर फॉलो किए जाने वाले लोगों की संख्या 421 से घटकर 407 होने की बात कही जा रही है.
अगर इन आंकड़ों की पुष्टि होती है, तो सवाल उठना लाजिमी है कि श्रद्धा के अकाउंट पर यह बदलाव कैसे हो रहा है. क्या पुराने फॉलो किए गए अकाउंट हटाए जा रहे हैं? क्या किसी करीबी के पास अकाउंट का एक्सेस है? या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह है?
इन संभावनाओं के बीच सबसे अहम बात यह है कि केवल फॉलोअर्स या फॉलोइंग में बदलाव से अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकती. न ही इससे अपने आप सबूत मिटाने की साजिश साबित होती है. बता दें कि 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. हत्याकांड में लिव इन में रह रही श्रद्धा दुबे का नाम सामने आया था.
पिछले दिनों लखनऊ पुलिस ने श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार किया था. श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को भी गिरफ्तार कर लखनऊ लाया गया था, तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने पुलिस रिमांड में जेल भेज दिया था. जेल में बंद तीनों आरोपियों से अभी तक कोई मिलने नहीं पहुंचा है. परिवार के लोग मिलने से दूरी बनाए हैं.