शिवा शर्मा डेथ केस: लखनऊ से आगरा और फिर नागपुर! 11 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ी श्रद्धा दुबे
9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद से आरोपी श्रद्धा दुबे अपनी बहन और ड्राइवर के साथ फरार हो गई थी. पुलिस ने श्रद्धा दुबे पर 50 हजार रुपये का इनाम भी रखा था.
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. वह 11 दिन से फरार चल रही थी. यूपी एसटीएफ ने उसे नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. श्रद्धा दुबे के साथ एसटीएफ ने उसके ड्राइवर और उसकी बहन रश्मि दुबे को भी गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले श्रद्धा के लखनऊ और आगरा में होने के इनपुट मिले थे. पुलिस उसके संभावित मददगारों और लगातार बदलते ठिकानों की भी जांच कर रही थी.
नागपुर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा
बताया गया कि श्रद्धा दुबे को आज ही नागपुर में रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा. उसके बाद पुलिस श्रद्धा दुबे और उसकी बहन व ड्राइवर को लेकर लखनऊ के लिए निकलेगी. अगर ट्रेन से आएगी तो कल 21 अक्टूबर को वह लखनऊ पहुंचेगी उसके बाद उसे सीधे कोर्ट में पेश किया जाएगा. कल लखनऊ पुलिस श्रद्धा दुबे की रिमांड मांग सकती है. बता दें कि श्रद्धा दुबे एन्टीसेपेट्री बेल लेने की कोशिश में थी. इससे पहले वह गिरफ्तार हो गई.
9 अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिरते दिखा था शिवा
दरअसल, 9 अक्टूबर को हजरतगंज के चार मंजिला बिल्डिंग से शिवा शर्मा की गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. शिवा शर्मा बिल्डिंग के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में गिरते हुए कैद हो गया था. शिवा शर्मा को केजीएमयू अस्पताल ले जा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था. शिवा शर्मा की मां ने श्रद्धा दुबे पर हत्या का आरोप लगाया था.
11 दिनों से फरार चल रही थी श्रद्धा
इसके बाद श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर के साथ फरार हो गई थी. श्रद्धा पिछले 11 दिनों से फरार चल रही थी. इस बीच श्रद्धा दुबे के नेपाल भाग जाने की भी खबरें आई हैं. वहां ई रिक्शा पर घूमते नजर आई थी. इतना ही नहीं पुलिस श्रद्धा दुबे को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी. इस बीच श्रद्धा दुबे ने मीडिया को इंटरव्यू देकर शिवा शर्मा की मौत को सुसाइड का दावा किया.
50 हजार रुपये रखा था इनाम
पुलिस ने श्रद्धा दुबे पर पहले 25 हजार रुपये इनाम रखा था. बाद में पुलिस ने इनाम की राशि 50 हजार रुपये कर दी थी. श्रद्धा दुबे ने एक के बाद एक कई वीडियो बनाकर शिवा शर्मा केस को सुसाइड का दावा किया. इतना ही नहीं श्रद्धा ने न्यूज एजेंसी एएनआई को इंटरव्यू देकर कहा था कि शिवा शर्मा कर्ज में डूबा था. उस पर 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज था. लोग पैसे मांग रहे थे. श्रद्धा के मुताबिक, वह शिवा को चार महीने पहले से ही जानती थी.
कई वीआईपी से कनेक्शन की बात सामने आई थी
वहीं, श्रद्धा दुबे के कनेक्शन कई वीआईपी से होने की बात भी सामने आई. मॉडल श्रद्धा दुबे के कई बड़े लोगों के साथ तस्वीरें भी सामने आई थीं. श्रद्धा और शिवा लिव इन में रह रहे थे. शिवा की मौत के बाद श्रद्धा ने एक पुराना वीडियो भी वायरल किया था, जिसमें शिवा की तरह दिखने वाला एक शख्स स्वीकार कर रहा है कि उसने जेवर चुराकर बेचे हैं. शिवा वीडियो में कह रहा है कि वह उसके 6 लाख रुपये जल्द ही वापस कर देगा.
यह भी पढ़ें : श्रद्धा दुबे केस अपडेट: पुलिस के हाथ लगी फरार मॉडल की लोकेशन, कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी या सरेंडर!