दूध जल्दी मांगने की खौफनाक सजा: अलीगढ़ में हैवान बना दुकानदार, मासूम को जबरन गर्म कड़ाही पर बैठाया
अलीगढ़ के नगला महता में 6 साल के मासूम के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है. आरोप है कि दूध जल्दी मांगने पर दुकानदार ने बच्चे को जबरन गर्म कढ़ाई पर बैठा दिया. इससे मासूम के कूल्हे और कमर का निचला हिस्सा बुरी तरह झुलस गया.
अलीगढ़, मनीष शर्मा: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से इंसानियत और संवेदनहीनता को तार-तार कर देने वाली एक वारदात सामने आई है. यहां देहली गेट थाना क्षेत्र के नगला महता इलाके में छोटी सी बात पर एक 6 साल के मासूम के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गई. दरअसल, मासूम ने दुकानदार से जल्दी दूध देने की मांग कर दी थी. इससे आगबबूला हुए सिरफिरे दुकानदार ने मासूम को जबरन गर्म कड़ाही पर बैठा दिया.
इस दर्दनाक घटना में मासूम बुरी तरह झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दूध जल्दी मांगने पर आपा खो बैठा दुकानदार
पीड़ित पिता सुंदर लाल ने बताया कि शनिवार देर रात (24 अक्टूबर) उनका 6 वर्षीय बेटा नितिन घर के पास हरी टंकी के समीप एक स्थानीय दुकान पर दूध लेने गया था. दुकान पर दूध मिलने में देरी हो रही थी. जिसके कारण मासूम नितिन ने दुकानदार लल्लू से दूध थोड़ा जल्दी देने को कह दिया. बच्चे की यह मासूम सी मांग सुनकर दुकानदार आपा खो बैठा और उसने बिना कुछ सोचे-समझे मासूम को पकड़कर पास में रखी गर्म कड़ाही पर जबरन बैठा दिया.
शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह झुलसा
अचानक घटी इस खौफनाक घटना के बाद मासूम दर्द से चीखने-चिल्लाने लगा. उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे. गर्म कढ़ाई पर बैठाए जाने के कारण मासूम नितिन के कूल्हे और कमर का निचला हिस्सा बुरी तरह झुलस गया. पीड़ित पिता का कहना है कि बच्चे की खाल तक उतर गई है.
आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज
परिजन बदहवास हालत में बच्चे को लेकर तुरंत थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए देहली गेट थाना पुलिस ने तुरंत मासूम को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी दुकानदार लल्लू के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस अमानवीय कृत्य के बाद से लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है.
यह भी पढ़िए: आशिकी की दर्दनाक सजा: बैंगलोर से लौटे युवक को पीटा, प्रेमिका के परिजनों ने चाकू से हमला कर गांव में घुमाया नंगा