तल्खी से खौफनाक अंत तक: शिवा-श्रद्धा की वो व्हाट्सएप चैट, जिसमें मॉडल देती दिखी बद्दुआ!
Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के शिवा शर्मा मौत मामले में अब जांच का फोकस सिर्फ उस रात की घटना पर नहीं, बल्कि उससे पहले के घटनाक्रम पर भी है. शिवा और श्रद्धा दुबे के बीच कथित व्हाट्सएप चैट सामने आई है. बातचीत में रिश्ते को लेकर नाराजगी और शिवा के बदले व्यवहार पर सवाल दिखाई देते हैं.
Shiva Sharma Murder Case/ नंदन श्रीवास्तव: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला हर दिन एक नया मोड़ ले रहा है. इस मौत की जांच अब सिर्फ उस एक खौफनाक रात तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि पुलिस अब घटना से पहले के पूरे घटनाक्रम, डिजिटल सबूतों और रिश्तों के ताने-बाने की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है.
चैट में दिखा रिश्ते का तनाव
इस हाई-प्रोफाइल केस में अब शिवा शर्मा और मॉडल श्रद्धा दुबे के बीच की कथित व्हाट्सएप चैट सामने आई है. इस बातचीत से साफ जाहिर हो रहा है कि दोनों के रिश्ते में तल्खी आ चुकी थी. चैट में श्रद्धा, शिवा के बदलते व्यवहार और बेरुखी को लेकर सवाल उठाती दिख रही है. जवाब में शिवा यह सफाई देता नजर आ रहा है कि उसके प्यार में कोई कमी नहीं आई है, बल्कि वह अपनी कुछ परेशानियों से जूझ रहा है.
व्हाट्सएप चैट में गालियां दे रही मॉडल
इस चैट में शिवा के लिए श्रद्धा अपशब्दों का भी इस्तेमाल करती है और उसे बद्दुआ भी देती नजर आ रही है. बातचीत के दौरान जब शिवा ने अपनी परेशानियों का जिक्र किया तो श्रद्धा उससे पूछती है कि आखिर उसे क्या परेशानी है. हालांकि, जिन परेशानियों का जिक्र शिवा ने किया, चैट में उनकी पूरी जानकारी नहीं है. हालांकि, यह बातचीत दोनों के रिश्ते में तनाव की ओर इशारा कर सकती है, लेकिन इससे मौत की वजह या किसी व्यक्ति की आपराधिक भूमिका अपने आप साबित नहीं होती.
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या डिजिटल बातचीत, सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल साक्ष्य और गवाहों के बयान मिलकर घटना की पूरी टाइमलाइन स्पष्ट कर पाएंगे?
मृतक के परिवार का गंभीर आरोप
दूसरी तरफ, शिवा शर्मा के परिवार ने मॉडल श्रद्धा दुबे पर प्रताड़ना और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं. शिवा की मां रंजना शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है. उनका आरोप है कि श्रद्धा ने उनके बेटे को अपने जाल में फंसाकर मानसिक रूप से तोड़ना शुरू कर दिया था. मां का आरोप है कि श्रद्धा के पास कुछ आपत्तिजनक वीडियो और सामग्री थी, जिसके जरिए वह शिवा को लगातार ब्लैकमेल कर रही थी. इतना ही नहीं, उसे झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकियां भी दी जाती थीं, जिससे शिवा की जिंदगी नर्क बन गई थी.
फिलहाल मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर तीनों फरार हैं. जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. अब पुलिस इस पूरी मर्डर मिस्ट्री की टाइमलाइन तैयार करने पर फोकस कर रही है.
यह भी पढ़िए: शिवा हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: फरार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर पर 25-25 हजार का इनाम