Lucknow Shiva Sharma Murder Case/ नंदन श्रीवास्तव: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत अब एक साधारण हादसा नहीं, बल्कि एक हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री बन चुकी है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. घटना के कई दिनों के बाद मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया है. इसके बाद से यह केस और भी सनसनीखेज हो गया है.
लिव-इन रिलेशन का खौफनाक अंत
दरअसल, मृतक शिवा पिछले चार महीने से मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था, लेकिन जिस हाल में अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर उसकी मौत हुई, उसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के वक्त शिवा के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर का होना, चेहरे पर लिपस्टिक के निशान मिलना और शरीर पर सिगरेट से जलाने के जख्म कई सवाल खड़े कर रहे हैं. मृतक की मां ने मॉडल और उसके करीबियों पर संगीन आरोप लगाए हैं.
रसूखदारों से मॉडल के संबंध
इस केस का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला पहलू मॉडल श्रद्धा दुबे का रसूख है. घटना से पहले उत्तर प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारी तक उसे सोशल मीडिया पर फॉलो करते थे. हालांकि, वारदात सामने आते ही उन तमाम लोगों ने उससे दूरियां बना लीं. सवाल यह उठता है कि क्या इसी रसूख के चलते वारदात के 3 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं और नेपाल भागने में कामयाब हो गए?
मॉडल को पकड़ने के लिए छापेमारी
अब यह केस पुलिस और एसटीएफ के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. आरोपियों के नेपाल भागने की आशंका है. इसके बाद सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट है. श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है. साथ ही, पुलिस इस पूरे मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. ताकि, कारोबारी शिव शर्मा की मौत के पीछे छिपे सच को सामने लाया जा सके.