Lucknow Shiva Sharma Death Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे पॉश इलाके हजरतगंज के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में 28 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है. यह मामला महज एक हादसे का नहीं, बल्कि ग्लैमर, रसूख, ब्लैकमेलिंग और एक खतरनाक प्रेम जाल का वह स्याह सच बन चुका है, जिसने शहर में भूचाल ला दिया है. पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, परत-दर-परत ऐसे खुलासे हो रहे हैं, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं हैं.
कहां हुई थी शिवा से श्रद्धा की मुलाकात?
मॉडल और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली है. वह करीब दस साल पहले लखनऊ आई थी. शहर की चकाचौंध भरी दुनिया में कदम रखने के बाद उसकी मुलाकात कैफे संचालक शिवा शर्मा से एक क्लब में हुई. धीरे-धीरे यह मुलाकात नजदीकियों में बदली और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे, लेकिन मृतक की मां की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर ने इस रिश्ते के पीछे छिपे खौफनाक सच को बेनकाब कर दिया है.
मृतक की मां ने लगाए संगीन आरोप
मां का आरोप है कि श्रद्धा दुबे ने शिवा को अपने जाल में फंसाकर लगातार प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था. आरोप है कि मॉडल ने कुछ अश्लील वीडियो व आपत्तिजनक सामग्री के जरिए शिवा को ब्लैकमेल किया और उस पर ऐसा दबाव बनाया कि वह चाहकर भी इस रिश्ते से बाहर नहीं निकल सका. झूठे मुकदमों में जेल भिजवाने की धमकियों ने शिवा की जिंदगी को एक नर्क बना दिया था. इसके साथ ही उन्होंने श्रद्धा दुबे की बहन, ड्राइवर और अन्य सहयोगियों पर भी संगीन आरोप लगाए हैं.
कॉल डिटेल्स में छिपे हैं रसूखदारों के राज
इस हाई-प्रोफाइल डेथ मिस्ट्री का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट तब आया जब पुलिस ने श्रद्धा दुबे की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली. बताया जा रहा है कि श्रद्धा के कॉन्टेक्ट लिस्ट की फेरिस्त में शहर के बिल्डर, नेता और वीआईपी लोगों के नंबर मिले हैं. इससे यह साफ है कि मॉडल का नेटवर्क सिर्फ फैशन इंडस्ट्री तक सीमित नहीं था, बल्कि उसका दायरा काफी बड़ा था. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस ग्लैमर नेटवर्क की आड़ में किसी बड़े सिंडिकेट को चलाया जा रहा था, जिससे शिवा वाकिफ हो चुका था?
सूत्रों की मानें तो श्रद्धा दुबे का नाम पहले भी कई बार गलत कारणों से सुर्खियों में आ चुका है, लेकिन ये पहली बार है कि मामला हत्या तक पहुंच गया. ऐसे में पुलिस फूंक-फूंक कर हर पहलु की जांच कर रही है.
चौथी मंजिल का क्या है रहस्य?
घटना के दिन अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल की बालकनी से गिरकर शिवा शर्मा की मौत कैसे हुई, यह सवाल आज भी सबसे बड़ा रहस्य बना हुआ है. सामने आए सीसीटीवी फुटेज में शिवा जमीन पर गिरते हुए तो दिखाई दे रहे हैं, लेकिन गिरने से ठीक पहले उस फ्लैट में किन परिस्थितियों में हाथापाई या संघर्ष हुआ, इसका कोई पुख्ता सुराग अभी तक हाथ नहीं लगा है. सीसीटीवी में शिवा के गिरने के बाद कुछ लोग सीढ़ियों से तेजी से नीचे उतरते दिखाई दिए. फुटेज में सचिवालय पास लगी ऑडी अपार्टमेंट से निकलती दिखी है.
अचानक फरार होने पर शक गहराया
पुलिस जांच कर रही है कि क्या आरोपी इसी गाड़ी से भागे थे. मृतक की मां का कहना है कि शरीर पर कई चोटों के निशान थे. शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान और घटना के तुरंत बाद मॉडल व उसके सहयोगियों का रातों-रात फरार हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है.
फिलहाल, पुलिस ने मां की तहरीर पर हत्या, प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सर्विलांस के नतीजे ही यह तय करेंगे कि यह ग्लैमरस दुनिया का कोई हादसा था या फिर सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या.