)
शामली में हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है. हत्याकांड में कथित साजिशकर्ता के तौर पर आरोपी बनाए गए कुख्यात शूटर दीपक बॉक्सर और योगेश टुंडा को कैराना कोर्ट में पेश किया गया. दोनों आरोपियों को दिल्ली की तिहाड़ जेल से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शामली लाया गया. इस मामले में शामली पुलिस ने दोनों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र यानी आईपीसी की धारा 120बी के तहत कार्रवाई करते हुए कस्टडी रिमांड के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की है. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्याकांड की साजिश और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाना चाहती है.
दिनदहाड़े मारी गई थी गोली
दरअसल, 26 अगस्त को शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और हत्याकांड से जुड़े आरोपियों की तलाश में कई स्तरों पर कार्रवाई की. अब इस मामले में दीपक बॉक्सर और योगेश टुंडा को भी आरोपी बनाए जाने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है. दोनों गोगी गैंग के सार्प शूटर हैं.
साजिश रचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, दोनों को हत्याकांड में कथित साजिशकर्ता के तौर पर नामजद करते हुए खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र की धारा में कार्रवाई की गई है. इसी सिलसिले में दोनों आरोपियों को तिहाड़ जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच कैराना न्यायालय लाया गया, जहां शामली पुलिस ने उनकी कस्टडी रिमांड हासिल करने के लिए अर्जी दाखिल की.
टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड में नाम
दीपक बॉक्सर और योगेश टुंडा का नाम दिल्ली के चर्चित टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड में भी सामने आ चुका है. इसी मामले में दोनों आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं. अब अंकित बालियान हत्याकांड में उनकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस रिमांड मिलने पर दोनों आरोपियों से कथित साजिश, वारदात में उनकी भूमिका और हत्याकांड से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों के बारे में पूछताछ कर सकती है. हालांकि, इस मामले में दोनों की भूमिका और आरोपों की पुष्टि जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी.
रिमांड पर टिकीं निगाहें
फिलहाल, अंकित बालियान हत्याकांड में दीपक बॉक्सर और योगेश टुंडा की कैराना कोर्ट में पेशी के बाद अब सभी की निगाहें अदालत के रिमांड संबंधी फैसले पर टिकी हैं. पुलिस की आगे की जांच में हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है.
(शामली से श्रवण पंडित की रिपोर्ट)