)
राहुल शुक्ला/अमेठी: जापान के नागोया में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के रहने वाले सलमान खान ने देश का मान बढ़ाया है. अंतरराष्ट्रीय नौकायन (Rowing) प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सलमान खान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कांस्य पदक (Bronze Medal) अपने नाम किया है. उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि की खबर मिलते ही परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया.
तिलोई के रहने वाले हैं सलमान
सलमान खान अमेठी जिले के तिलोई तहसील अंतर्गत पूरे सिंगई खेरौना गांव के निवासी हैं. जैसे ही उनके एशियन गेम्स में पदक जीतने की खबर गांव और जिले में पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मना रहे हैं.
सेना के सूबेदार मोहम्मद आजाद के मार्गदर्शन में मिली सफलता
सलमान के परिजनों ने बताया कि उनकी इस उपलब्धि के पीछे भारतीय सेना के सूबेदार और अंतरराष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी व कोच मोहम्मद आजाद का कुशल मार्गदर्शन रहा है. उनके मार्गदर्शन में ही सलमान ने यह मुकाम हासिल किया है.
जिले भर से मिल रही बधाईयां
अमेठी के लाल की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर जिला खेल कार्यालय, स्थानीय खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और जिला अधिकारियों ने सलमान को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं. जिले के खेल प्रेमियों का कहना है कि सलमान की इस सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
सलमान की इस उपलब्धि को अमेठी के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. जिला खेल कार्यालय समेत खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं. अमेठी के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने और देश के लिए पदक जीतने वाले सलमान की सफलता से उनके परिवार और क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है.
जापान के नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में 25 सितंबर तक भारत के पास कुल 17 पदक हैं.
प्रमुख खेल और पदक विजेता
स्वर्ण पदक (1): महिला क्रिकेट टीम: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता.
प्रमुख रजत पदक (7): एथलेटिक्स: मिक्स्ड 4x400m रिले टीम (मनु टी.एस., एम.आर. पूवम्मा, विशाल टी.के. और विथ्या रामराज)
वेटलिफ्टिंग: मीराबाई चानू (महिला 49 किग्रा)
वुशू: रोशिबिना देवी (महिला 60 किग्रा सांडा)
शूटिंग: पुरुषों और महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम एवं व्यक्तिगत स्पर्धाओं में
प्रमुख कांस्य पदक (9): नौकायन (Rowing): सलमान खान और सतनाम सिंह (पुरुष डबल स्कल्स)
एथलेटिक्स: सीमा कुमारी (महिला 10,000 मीटर दौड़)
बैडमिंटन: भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम
शूटिंग: स्कीट टीम और व्यक्तिगत स्पर्धाएं
सॉफ्ट टेनिस व MMA: जय मीणा (सॉफ्ट टेनिस) और सुचिका तरियाल (मिक्स मार्शल आर्ट्स)