)
वाराणसी, जयपाल: उत्तर प्रदेश के काशी से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां रामनगर में रामलीला के दौरान उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक हाथी अचानक पूरी तरह बेकाबू हो गया. इस घटना ने वहां मौजूद लोगों की सांसें रोक दीं. लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
महावत को जमीन पर पटका, मची चीख-पुकार
दरअसल, रामनगर थाना क्षेत्र के पंचवटी मैदान में रामलीला चल रही थी. जिसमें शामिल होने के लिए यह हाथी आजमगढ़ से लाया गया था. इसका इस्तेमाल काशी नरेश डॉ. अनंत नारायण सिंह के परिजनों की सवारी के लिए होना था. अचानक किसी बात पर हाथी आक्रामक हो गया और उसने अपने ही महावत को जमीन पर पटक दिया, जिससे महावत गंभीर रूप से घायल हो गया.
गंभीर रूप से घायल महावत को तुरंत इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. बताया जा रहा है कि यह महावत महज एक हफ्ते पहले ही इस हाथी से जुड़ा था.
हाथी ने उखाड़े खंभे और मचाया उत्पात
आउट ऑफ कंट्रोल हुआ हाथी रामनगर की सड़कों पर इधर-उधर बेकाबू होकर दौड़ता नजर आया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. बेकाबू हाथी ने रास्ते में उत्पात मचाते हुए बिजली के खंभों और आसपास की चीजों को नुकसान पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और श्रद्धालुओं व आम जनता को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई.
2 किलोमीटर का इलाका सील
सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन और पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए करीब 2 किलोमीटर के प्रभावित इलाके को पूरी तरह बंद कर दिया और बैरिकेडिंग कर दी. वहीं, इस घटना के बाद हाईवे पर भीषण जाम लग गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ. फिलहाल हाथी को शांत करने और पूरी तरह नियंत्रण में लेने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
हाथी को काबू करने में जुटे सैकड़ों लोग
मौके पर भारी भीड़ को देखते हुए एसीपी कोतवाली विजय बहादुर सिंह भी पहुंच गए. मौके पर पुलिस फोर्स और वन विभाग के कर्मचारी तैनात हैं. अन्य महावतों गन्ने का लालच देकर हाथी को शांत करने की कोशिश करते दिखे, लेकिन घंटों हाथी शांत नहीं हुआ. वन विभाग और NDRF समेत 200 लोग हाथी को काबू करने में जुटे हुए हैं.