राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चार्जशीट जमा करने पहुंचे CO को रोका, वकीलों ने जमकर काटा बवाल
Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की चार्जशीट जमा करने पहुंचे विवेचक को वकीलों ने रोक लिया. वकीलों ने चार्जशीट पहले उन्हें दिखाने की बात कहकर हंगामा करने लगे.
प्रवेश कुमार/अयोध्या: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस चार्जशीट करने एंटी करप्शन कोर्ट पहुंची तो वकीलों ने विरोध किया. वकीलों का कहना था कि चार्जशीट दाखिल करने से पहले उन्हें कॉपी दिखाई जाए. चार्जशीट की कॉपी न देने पर मामले में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े होंगे.
चार्जशीट जमा करने पहुंची पुलिस को रोका
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रहे विवेचक और सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी बुधवार को एंटी करप्शन कोर्ट पहुंचे. यहां वकीलों का विरोध का सामना करना पड़ा. चार्जशीट फाइल करने को लेकर अयोध्या बार एसोसिएशन ने हंगामा काटा. बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालका प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में पहले तो बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की एक बड़ी बैठक की और उसके बाद कोर्ट रूम के बाहर जाकर भी अपना विरोध दर्ज कराया.
वकीलों के विरोध पर भारी फोर्स तैनात
अधिवक्ताओं के विरोध को देखते हुए कचहरी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. काफी देर चली गहमागहमी के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी को भी न्यायालय में मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया देखने की बात पर सहमति बनी है. बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि अधिवक्ताओं का विरोध इस बात को लेकर है कि हमने पुलिस को जो साक्ष्य दिए थे उन्हें शामिल नहीं किया गया है, अगर शामिल किया गया है तो आखिरकार हमें दिखाया और बताया क्यों नहीं जा रहा है.
74 पन्नों से अधिक की चार्जशीट
वकीलों का कहना है कि साक्ष्यों को छुपाना भी एक अपराध की श्रेणी में आता है. इस पूरे मामले में जो असली दोषी हैं उन्हें बचाया जा रहा है. अगर हमारे साक्ष्यों को संज्ञान लिया गया है तो उसे बताया जाना चाहिए, अगर ऐसा नहीं किया जाता तो बार एसोसिएशन आगे की कार्रवाई करेगा और उच्च न्यायालय की तरफ कार्रवाई के लिए कदम बढ़ाएगा. चार्जशीट 74 हजार पन्नों से अधिक की बताई जा रही है. इसमें 8 को आरोपी बताया गया है.
टिन्नू यादव पर क्या आरोप?
रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू पर आरोप है कि बिना किसी औपचारिक आदेश के दानपात्रों की चाबियां उनके पास थीं. टिन्नू यादव श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का ड्राइवर है. आरोप है कि टिन्नू श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन कराने के नाम पर रुपये लेता था. और उन रुपयों से आभूषण खरीदने की बात कही जाती थी. बाद में इन रुपयों को गायब कर देता था.