App

2027 से पहले SP-कांग्रेस में रार: अखिलेश के भरोसे ही रायबरेली से मैदान में उतरे राहुल? SP सांसद के दावे से यूपी की सियासत गर्म

SP MP Target Rahul Gandhi: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन में दरार साफ दिखने लगी है. गठबंधन के दो बड़े सहयोगी दल सपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. प्रतापगढ़ से समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल उर्फ शिवपाल सिंह पटेल ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है.

2027 से पहले SP-कांग्रेस में रार: अखिलेश के भरोसे ही रायबरेली से मैदान में उतरे राहुल? SP सांसद के दावे से यूपी की सियासत गर्म
Image Credit: rahul gandhi

UP Politics: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में INDIA गठबंधन के भीतर खींचतान बढ़ गई है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच दूरियां लगातार बढ़ रही हैं. इसी बीच प्रतापगढ़ से सपा सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है. प्रतापगढ़ से सपा सांसद डॉ. एस. पी. सिंह पटेल ने दावा किया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ने को लेकर असमंजस में थे. उनके मुताबिक, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भरोसा दिलाने के बाद राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हुए.

न्यूज एजेंसी से बातचीत में सपा सांसद ने कहा कि अगर 2024 में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होता, तो कांग्रेस उत्तर प्रदेश में एक भी सीट नहीं जीत पाती. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं थे. अखिलेश यादव ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि अगर वे नहीं लड़ेंगे तो सपा अपना उम्मीदवार उतार देगी.

'सपा के बिना कांग्रेस नहीं जीत पाती एक भी सीट'
एस. पी. सिंह पटेल ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने अकेले 37 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को गठबंधन के तहत 6 सीटों पर जीत मिली. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा गठबंधन की बड़ी पार्टी है और कांग्रेस को सीटों को लेकर वास्तविक स्थिति को समझना चाहिए.

सपा सांसद ने कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति पर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में अकेले उतरती है तो उसे नुकसान हो सकता है और जनता उसे वोट काटने वाली पार्टी के तौर पर देख सकती है.

यूपी कांग्रेस के ब्राह्मण को प्रदेश अध्यक्ष (आराधना मिश्रा) और मुस्लिम को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के फॉर्मूले पर चुटकी लेते हुए कहा कि इससे कोई फायदा नहीं होगा.  उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और भाजपा की नीतियों से परेशान होकर दलित और पिछड़ा वर्ग अब पूरी तरह से लोहियावादी विचारधारा वाली समाजवादी पार्टी के साथ आ चुका है.

कांग्रेस का पलटवार
सपा सांसद के बयान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा को ऐसे बयान देने वाले नेताओं पर लगाम लगानी चाहिए.

बयानों से बचने की सलाह
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सपा सांसद को यह नहीं भूलना चाहिए कि वे भी INDIA गठबंधन के समर्थन से लोकसभा चुनाव जीते हैं. उन्होंने गठबंधन धर्म का पालन करने और इस तरह के बयानों से बचने की सलाह दी.

सपा नेतृत्व से अपील
कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मांग की है कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान देने वाले बड़बोले नेताओं पर तुरंत लगाम लगाई जाए.

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी. दोनों दल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर अलग-अलग संकेत दे रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More