पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, कई लोग घायल
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया है. यहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं हैं. हादसे में कई लोग घायल हुए हैं. हालांकि, सांसद सुरक्षित हैं.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का काफिला सड़क हादसे का शिकार हो गया है. सांसद सुलतानपुर स्थित एमपी-एमएलए अदालत में पेशी के लिए जा रहे थे. इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियों के आपस में टकराने की खबर है. बताया जा रहा है कि काफिले में पीछे से टक्कर लगने से कई गाड़ियां एक-दूसरे से भिड़ गईं. जिससे कई लोगों को हल्की चोटें आई हैं. हालांकि, राहुल गांधी बिल्कुल सुरक्षित हैं.
कोर्ट में पेशी के लिए आ रहे थे राहुल गांधी
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी सुल्तानपुर की एमपी एमएलए कोर्ट में मानहानि के मामले में पेशी के लिए आ रहे थे. यह मामला 2018 का है, जिसमें कांग्रेस सांसद ने बेंगलुरु में एक सम्मेलन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर दी थी. जिससे आहत होकर तत्कालीन बीजेपी जिला उपाध्यक्ष विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ सुल्तानपुर की अदालत में मानहानि का परिवाद दाखिल किया था. इस मामले में 16 दिसंबर 2023 को राहुल गांधी को भी एमपी-एमएलए कोर्ट ने तलब किया था. इसके बाद राहुल गांधी कोर्ट में पेश हुए और उन्हें जमानत मिल गई.
राहुल गांधी ने खुद को बताया था निर्दोष
फरवरी 2024 में सुल्तानपुर की विशेष अदालत में राहुल गांधी ने आरोपों से इनकार करते हुए खुद को निर्दोष ठहराया था. साक्ष्य संबंधी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कोर्ट ने अंतिम बहस के लिए मामला तय किया. फिर विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के वॉयस सैंपल की तुलना कराने के लिए याचिका दायर की थी. हालांकि, ट्रायल कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया. उसके सेशन कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी उनकी चुनौती याचिकाओं को अस्वीकार कर दिया, जिससे न्यायिक कार्यवाही आगे बढ़ती रही. बहरहाल, कोर्ट ने राहुल गांधी को दोषमुक्त कर दिया है.
कैसे हुआ ये हादसा?
इसी मामले में सोमवार को राहुल गांधी सुल्तानपुर कोर्ट में पेश होने आ रहे थे, तभी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 90 के पास 5 गाड़ियां और एम्बुलेंस आपस में टकरा गईं. बताया जा रहा है कि अचानक पीछे से टक्कर लगने के बाद नेता प्रतिपक्ष के काफिले में शामिल गाड़ियां हादसे का शिकार हो गईं. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. यह हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में हुआ है.
यह भी पढ़िए: मानहानि केस में राहुल गांधी की किस्मत का फैसला कल: सुल्तानपुर कोर्ट में नेता प्रतिपक्ष हाजिर, कांग्रेस खेमे में हलचल