प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में रहस्यमयी मौत: 2024 बैच के MBBS छात्र का मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकीं नजरें
प्रतापगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मेडिकल छात्र की मौत हो गई है. हॉस्टल के नीचे छात्र का शव मिला, जिससे मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
प्रतापगढ़ के पूरे केशव राय के मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 25 अक्टूबर की सुबह-सवेरे हॉस्टल के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में एमबीबीएस के छात्र का शव मिला. मृतक छात्र 2024 बैच का है. उसकी पहचान मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है. मृतक छात्र मूल रूप से बलिया जनपद का रहने वाला था. इस घटना से मेडिकल कॉलेज प्रशासन और छात्रों में खलबली मची हुई है.
हॉस्टल परिसर में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, हॉस्टल के नीचे छात्र का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही परिसर में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सील कर दिया. उसके बाद घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी.
यह भी पढ़िए: आशिकी की दर्दनाक सजा: बैंगलोर से लौटे युवक को पीटा, प्रेमिका के परिजनों ने चाकू से हमला कर गांव में घुमाया नंगा
सातवीं मंजिल तक पहुंची जांच की टीम
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे. अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया और हॉस्टल की सातवीं मंजिल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया. पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि छात्र सातवीं मंजिल या छत से गिरा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच पर टिकी नजरें
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और मृतक छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है.
उधर, एमबीबीएस छात्र के घर पर कोहराम मचा हुआ है. होनहार बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जानकारी जुटा रही है कि आखिर छात्र की मौत कैसे हुई?
(प्रतापगढ़ से सुनील यादव की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: दूध जल्दी मांगने की खौफनाक सजा: अलीगढ़ में हैवान बना दुकानदार, मासूम को जबरन गर्म कड़ाही पर बैठाया