App

पितृ विसर्जन 2026: गंगा-सरयू के घाटों पर गूंजे वैदिक मंत्र, तर्पण कर पूर्वजों से मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

Pitru Visarjan 2026: पितृ पक्ष के अंतिम दिन सर्वपितृ अमावस्या पर सुबह से ही यूपी के अलग-अलग धार्मिक स्थलों और नदियों के घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों को याद कर उन्हें भावभीनी विदाई दी. मान्यता है कि आज के दिन पिंडदान, तर्पण, ब्राह्मण भोज और वस्त्र-अन्न दान करने से पितृ प्रसन्न होते हैं और परिवार को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देकर अपने लोक लौटते हैं.

पितृ विसर्जन 2026: गंगा-सरयू के घाटों पर गूंजे वैदिक मंत्र, तर्पण कर पूर्वजों से मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

Pitru Visarjan 2026/ मो. गुफरान (प्रयागराज): आज आश्विन मास की अमावस्या यानी सर्वपितृ अमावस्या है. इस मौके पर यूपी के प्रमुख धार्मिक स्थलों और नदियों के घाटों पर श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला. प्रयागराज के त्रिवेणी संगम से लेकर अयोध्या की सरयू, उन्नाव के आनंद घाट और कौशांबी के पवित्र तटों तक सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

वैदिक मंत्रोच्चार, तिल, कुश और गंगाजल की धाराओं के बीच श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों का स्मरण कर उन्हें भावभीनी विदाई दी.

संगम तट पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा
पितृ पक्ष के अंतिम दिन सबसे ज्यादा आस्था का सैलाब संगम नगरी प्रयागराज में नजर आया. गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर भोर की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई. संगम की रेती पर हाथ में तिल, जौ और जल लिए श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की आत्मिक शांति के लिए तर्पण और पिंडदान किया.

कोई अपने पूर्वजों की आत्मिक शांति के लिए तर्पण करता नजर आया, तो कोई पुरोहितों के सानिध्य में विधि-विधान से धार्मिक कर्मकांड संपन्न करता दिखा. इन धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा संगम तट वैदिक ऋचाओं से गुंजायमान हो उठा.

क्या है इस दिन की मान्यता?
सर्वपितृ अमावस्या का सनातन परंपरा में विशेष महत्व है. मान्यता है कि पितृ पक्ष में पूर्वजों का स्मरण और उनके निमित्त किए गए धार्मिक कार्य से उनकी आत्मा को शांति मिलती है. यह उन सभी पितरों को याद करने का अंतिम दिन होता है, जिनकी मृत्यु तिथि परिवारजनों को ज्ञात नहीं होती या जिनका श्राद्ध पक्ष के दौरान तर्पण नहीं हो पाता. आज के दिन पिंडदान, तर्पण, ब्राह्मण भोज और वस्त्र-अन्न दान करने से पितृ प्रसन्न होकर परिवार को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देकर अपने लोक लौटते हैं.

'पितृ के लिए पिंडदान की परंपरा'
संगम तट पर रहने वाले तीर्थ पुरोहित गोपाल जी का कहना है कि पितृ विसर्जन के साथ ही पितृ पक्ष का भी आज से समापन हो जाएगा. उन्होंने बताया कि आज के दिन पितृ के लिए पिंडदान की परंपरा है. ब्राह्मणों को भोजन और दान देने की भी परंपरा है. इसी वैदिक सनातनी परंपरा के निर्वहन के लिए आज लोग संगम तट पर पहुंचे हैं और अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान कर रहें हैं.

अयोध्या, उन्नाव और कौशांबी में भी श्राद्ध-तर्पण
उधर, प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में भी सरयू नदी के घाटों पर हजारों भक्तों ने पवित्र स्नान कर पूर्वजों के निमित्त जल अर्पित किया. उन्नाव के आनंद घाट और कौशांबी के विभिन्न पूजा स्थलों पर भी श्रद्धालुओं ने तर्पण के बाद जरूरतमंदों को अन्न व वस्त्र दान किए और ब्राह्मण भोज कराया.

पितृ विसर्जन के साथ ही अब 15 दिनों से चले आ रहे संयम का समय समाप्त हो गया है. पितरों का आशीर्वाद लेकर श्रद्धालु अब कल से शुरू हो रहे देवी पक्ष (नवरात्रि) और अन्य शुभ एवं मांगलिक कार्यों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More