SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'यह अमर सिंह, आजम खान और शिवपाल वाली मजबूत सपा नहीं है'

ओम प्रकाश राजभर ने सपा-कांग्रेस की सीट शेयरिंग बातचीत को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने शिवपाल के खेमे के 45 विधायकों का दावा करते हुए सपा में अंदरूनी खींचतान की बात कही.

Edited By Gunateet Ojha
Published: Nov 24, 2026, 23:23 IST | Updated: Nov 24, 2026, 23:26 IST
Image Credit: Social Media
Join

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर निशाना साधा है. उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने पहली ही बैठक में समाजवादी पार्टी को उसकी राजनीतिक हैसियत बता दी. राजभर के मुताबिक कांग्रेस नेताओं ने महज 20 मिनट की मुलाकात में सपा नेताओं को सीट बंटवारे का पत्र थमा दिया और बराबर हिस्सेदारी की बात कहकर विदा कर दिया.

राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि बैठक के दौरान न प्रियंका गांधी ने कोई दिलचस्पी दिखाई और न ही केसी वेणुगोपाल की तरफ से कोई खास प्रतिक्रिया आई. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब समझ चुकी है कि यह अमर सिंह, आजम खान और शिवपाल सिंह यादव वाली मजबूत समाजवादी पार्टी नहीं है. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि सपा में अब एकमात्र 'लाइजनर चाचा' ही बचे हैं.

शिवपाल को नजरअंदाज करने पर अखिलेश को घेरा

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर शिवपाल सिंह यादव को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नस-नस पहचानने वाले शिवपाल को किनारे करने का नतीजा अखिलेश को भुगतना पड़ सकता है. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि सपा के जमीनी कार्यकर्ता भी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि अखिलेश के 'लाइजनर चाचा' पिछले 10 साल से उन्हें कौन सी पीएचडी करा रहे हैं, जिसे वह अब तक पूरा नहीं कर पाए हैं.

राजभर ने अखिलेश को सलाह दी कि वे 'लाइजनर चाचा' के हसीन ख्वाबों वाली थीसिस छोड़कर शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में जमीनी राजनीति सीखें. उनके मुताबिक शिवपाल के साथ रहने से अखिलेश दिल्ली में बैठे उन दोस्तों की राजनीतिक चालों से बच सकते हैं, जिन पर राजभर ने स्वार्थी होने का आरोप लगाया.

शिवपाल के खेमे के 45 विधायकों का दावा

राजभर ने अपने बयान में शिवपाल सिंह यादव के खेमे के करीब 45 विधायकों का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि सपा में अंदरूनी माहौल ऐसा है कि ये विधायक कभी भी राजनीतिक पासा पलट सकते हैं. राजभर ने आशंका जताई कि कहीं आने वाले दिनों में शिवपाल सिंह यादव ही कोई बड़ा राजनीतिक कदम न उठा दें.

हालांकि राजभर ने अपने इस दावे के समर्थन में विधायकों के नाम या कोई ठोस आधार नहीं बताया. ऐसे में 45 विधायकों को लेकर उनका बयान फिलहाल राजनीतिक दावा ही है.

'इंडी गठबंधन के पास अब कोई वोट बैंक नहीं'

ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के साथ पूरे इंडी गठबंधन को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि गठबंधन के पास अब कोई स्थायी वोट बैंक नहीं बचा है. अखिलेश यादव के एम-वाई यानी मुस्लिम-यादव समीकरण पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि भाईचारे का 'चारा' भी इस बार खुदा हाफिज कहने के लिए तैयार बैठा है.

राजभर ने दावा किया कि कांग्रेस के नेता भी इसी मौके का इंतजार कर रहे हैं. उनके मुताबिक सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान से साफ है कि गठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं है. मंत्री ने इस पूरे घटनाक्रम को अखिलेश यादव के नेतृत्व और सपा की मौजूदा राजनीतिक ताकत पर सवाल उठाने का मौका बनाया है.

यह भी पढ़ेंः ANALYSIS: सपा-कांग्रेस की खिचड़ी में कितने कंकड़... जानिये 26 नवंबर से पहले यूपी की सियासत में क्यों गरमाया यह मुद्दा?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES