ZEE SPL: 26 सीटों का ऑफर गठबंधन तोड़ने की तैयारी या प्रेशर पॉलिटिक्स? यूपी चुनाव पर एक्सपर्ट ने दिए 5 सवालों के जवाब
कांग्रेस की 120-130 सीटों की मांग के मुकाबले सपा की तरफ से 26 सीटों का पहला ऑफर मिला है. सपा ने पांच सीटों पर प्रत्याशी भी घोषित कर दिए हैं. गठबंधन की राजनीति, कमजोर सीटों का गणित, अमेठी-रायबरेली में कांग्रेस की दावेदारी और बसपा के संभावित समीकरणों को राजनीतिक विश्लेषक ने कैसे समझाया.
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों के बंटवारे पर खींचतान तेज है. कांग्रेस ने 403 सीटों में से 131 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की थी. मगर अब सपा की तरफ से फिलहाल 26 सीटों का ऑफर दिया गया है. अमेठी और रायबरेली जैसे कांग्रेस के पारंपरिक संसदीय गढ़ में भी पार्टी को केवल एक सीट देने की बात सामने आई है. उधर सपा ने गठबंधन पर बातचीत के बीच पांच सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है.
इन सबके बीच दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर जारी खींचतान और सपा की रणनीति के क्या मायने हैं, इसे समझना जरूरी है. इस पर हमने 'डेटा एक्शन लैब फॉर इमर्जिंग सोसाइटीज' के सह-संस्थापक और राजनीतिक विश्लेषक आशीष रंजन से बात की. उन्होंने पांच सवालों के जवाब में यूपी की फिलहाल क्या चल रहा है ये समझाया. उन्होंने सियासत, कांग्रेस की दावेदारी, सपा की रणनीति और गठबंधन के संभावित समीकरणों को समझाया.
सवाल- कांग्रेस की 120-130 सीटों की मांग के मुकाबले 26 सीटों का ऑफर, इसे प्रेशर पॉलिटिक्स मानें या गठबंधन टूटने की आहट?
जवाब- यह विशुद्ध प्रेशर पॉलिटिक्स है. यूपी में बिना गठबंधन के चुनाव जीतना मुश्किल है. कांग्रेस की सीटों की मांग भी इसी रणनीति का हिस्सा है. कांग्रेस ने सीटों की बातचीत में शुरुआत ऊंचे आंकड़े से की है, जबकि सपा ने निचले आंकड़े से शुरुआत की है. दोनों दल अपने-अपने हिसाब से दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं. सीटों का गणित इस तरह आगे बढ़ेगा कि आखिरकार दोनों को एक बीच का रास्ता निकालना पड़ेगा. जैसे-जैसे कांग्रेस की सीटें कम होती जाएंगी, उन सीटों पर उसका स्ट्राइक रेट भी प्रभावित हो सकता है. इसलिए कांग्रेस अपनी दावेदारी मजबूत रखने की कोशिश कर रही है.
सवाल - सपा उन कमजोर सीटों पर कांग्रेस को मौका क्यों देना चाहती है, जहां बीजेपी या एनडीए ने एकतरफा जीत दर्ज की थी?
जवाब- इसको संगठन की दृष्टि से देखना होगा. बीजेपी और सपा के पास मजबूत संगठन है, जबकि कांग्रेस का पूरे उत्तर प्रदेश में वैसा संगठन नहीं है. कांग्रेस को लगता है कि मुस्लिम मतदाताओं के बीच उसकी स्वीकार्यता और समर्थन उसके लिए कुछ सीटों पर बेहतर स्थिति बना सकता है. लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस को इस वर्ग का समर्थन मिला था. इसलिए सीटों की मांग केवल संख्या का मामला नहीं, बल्कि गंभीर राजनीतिक सौदेबाजी का हिस्सा है.
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्रीय पार्टियां अक्सर बड़े शहरों में अपेक्षाकृत कमजोर होती हैं. सपा का कमजोर सीटों पर कांग्रेस को मौका देने का फैसला भी इसी रणनीति से जुड़ा हो सकता है. हालांकि, अगर सपा को चुनाव जीतना है तो उसे गठबंधन के समीकरणों को किसी भी कीमत पर मजबूत करना होगा. पार्टी को लगता है कि मुस्लिम मतदाताओं के पास बीजेपी के खिलाफ वोट करने के लिए मुख्य रूप से सपा का विकल्प है. ऐसे में वह अपने वोट बैंक को एकजुट रखते हुए दूसरे सहयोगियों के लिए भी जगह बनाने की कोशिश कर सकती है.
सवाल- अमेठी और रायबरेली जैसी गांधी परिवार की पारंपरिक सीटों में कांग्रेस को केवल एक सीट देने के क्या सियासी मायने हैं?
जवाब- अमेठी और रायबरेली कांग्रेस के पारंपरिक राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र रहे हैं. यहां केवल एक सीट दिए जाने की चर्चा को सीटों की सौदेबाजी और सपा की रणनीतिक स्थिति के तौर पर देखा जा सकता है. सपा अपने चुनावी समीकरणों के आधार पर सीटें तय करना चाहती है और कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन के हिसाब से अधिक सीटों की मांग कर रही है.
सपा के पास केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि दूसरे विकल्प भी हैं. पार्टी पिछले चुनावों में राजभर और निषाद जैसे दलों के साथ गठबंधन कर चुकी है. हाल में वामपंथी नेताओं के साथ अखिलेश यादव की तस्वीरें भी सामने आई हैं. ऐसे में सपा एमवाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण के अलावा दूसरे सामाजिक समूहों को जोड़ने के विकल्प पर भी काम कर सकती है. यूपी में चुनावी मुकाबला करीब 40 फीसदी वोट के इर्द-गिर्द खड़ा होता है. जीत के लिए इस वोट प्रतिशत तक पहुंचना जरूरी है, इसलिए सपा अपने गठबंधन को इसी गणित के आधार पर तैयार करना चाहती है.
सवाल- सीट शेयरिंग के बीच सहारनपुर और बेहट जैसी सीटों पर प्रत्याशी घोषित करने से पश्चिमी यूपी के समीकरण पर क्या असर पड़ेगा?
जवाब- सपा पश्चिमी यूपी में कमजोर रही है और बुंदेलखंड में भी उसकी स्थिति हमेशा मजबूत नहीं रही. ऐसे में इन क्षेत्रों में प्रत्याशी घोषित करना पार्टी की अपनी चुनावी रणनीति का हिस्सा हो सकता है. सहारनपुर और बेहट जैसी सीटों पर टिकट घोषित करने से पार्टी अपनी दावेदारी मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर चुनावी तैयारी शुरू करने का संकेत देती है.
पश्चिमी यूपी में कांग्रेस के कुछ नेताओं की अपनी राजनीतिक सक्रियता और दावेदारी भी है. इमरान मसूद की भूमिका और उनकी क्षेत्रीय सक्रियता को लेकर सपा के भीतर भी समीकरणों पर नजर रखी जाती है. ऐसे नेताओं की राजनीतिक रणनीति और महत्वाकांक्षा गठबंधन की बातचीत को प्रभावित कर सकती है. सपा इस क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए सीटों के बंटवारे में सावधानी बरतना चाहती है.
सवाल- अगर सपा-कांग्रेस के बीच गतिरोध नहीं सुलझता तो कांग्रेस के पास क्या विकल्प बचेंगे? क्या बसपा से गठबंधन की संभावना है?
जवाब- कांग्रेस के पास समझौते के अलावा दूसरे विकल्प भी हो सकते हैं. पार्टी की नजर बसपा पर भी है, क्योंकि इस चुनाव में जाटव वोट एक अहम फैक्टर हो सकता है. जाटव समुदाय परंपरागत रूप से बसपा का समर्थक रहा है. इसके अलावा यूपी में मुस्लिम मतदाता करीब 18 फीसदी हैं, जबकि पासी समुदाय की आबादी भी लगभग 3 फीसदी मानी जाती है. इन सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर कांग्रेस अपनी रणनीति तैयार कर सकती है.
हालांकि बसपा की चुनावी वापसी की संभावना फिलहाल कम दिखाई देती है. ऐसे में कांग्रेस के लिए गठबंधन का रास्ता ज्यादा व्यावहारिक हो सकता है. सपा के साथ समझौता, दूसरे दलों के साथ गठबंधन या कुछ सीटों पर अलग चुनाव लड़ना, इन सभी विकल्पों पर राजनीतिक परिस्थितियों के हिसाब से विचार किया जा सकता है. लेकिन यूपी में बीजेपी को चुनौती देने के लिए विपक्षी दलों का एकजुट होना ही उनके लिए सही निर्णय साबित होगा.
इसे भी पढ़ें- अमेठी और रायबरेली में 1 सीट... अखिलेश यादव का 26 वाला फॉर्मूला, अब क्या करेगी कांग्रेस?