SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

355 मोबाइल, 168 कंप्यूटर और 150 पासपोर्ट...नोएडा से मुक्त कराए गए 164 विदेशी नागरिक, इंटरनेशनल साइबर ठगी सिंडिकेट का खुलासा

दिल्ली पुलिस ने नोएडा में साइबर गुलामी और मानव तस्करी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया. 164 विदेशी नागरिक मुक्त, 355 मोबाइल, 168 कंप्यूटर और 150 से ज्यादा पासपोर्ट बरामद.

Edited By Preeti Chauhan
Published: Nov 27, 2026, 10:02 IST | Updated: Nov 27, 2026, 10:12 IST
Image Credit: Noida cyber fraud (Image ZEE CREATIVE)
Join

विजय कुमार/नोएडा साइबर ठगी: दिल्ली-NCR में साइबर गुलामी और मानव तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है. इस गिरोह के चंगुल से 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया है. इनमें 92 इंडोनेशिया और 72 मलेशिया के नागरिक शामिल हैं. पुलिस ने गिरोह के कथित मास्टरमाइंड एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है. वहीं, दो भारतीय आरोपियों की तलाश की जा रही है.

नोएडा के सेक्टर-136 से चल रहा था कॉल सेंटर

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे सिंडिकेट का कॉल सेंटर नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक बिल्डिंग से संचालित किया जा रहा था. यहां विदेशी नागरिकों से उनके ही देश के लोगों को फोन करवाकर साइबर ठगी कराई जाती थी. आरोप है कि इन लोगों को नौकरी और अच्छी सैलरी का झांसा देकर भारत बुलाया गया था. भारत आने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे और उन्हें जबरन साइबर फ्रॉड करने के लिए मजबूर किया जाता था.

नौकरी का झांसा देकर भारत बुलाते, फिर बना लेते थे बंधक

क्राइम ब्रांच के जॉइंट सीपी सुरेंद्र जाखड़ के मुताबिक, गिरोह के सदस्य कंबोडिया, मलेशिया और इंडोनेशिया के युवाओं को बिजनेस वीजा पर भारत बुलाते थे. उन्हें अच्छी नौकरी और कमाई का लालच दिया जाता था. भारत पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट अपने कब्जे में लेकर उन्हें बंधक बना लिया जाता था. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और डराने-धमकाने का भी आरोप है.

इस नेटवर्क में 19 से 25 साल के युवक-युवतियां शामिल थे. कॉल सेंटर में कुछ पुरुषों को महिला बनकर फोन पर बात करने की ट्रेनिंग भी दी गई थी, जिससे वे आसानी से लोगों का भरोसा जीत सकें और उन्हें ठगी का शिकार बना सकें.

विदेशी नागरिक के ईमेल से खुला पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा एक विदेशी नागरिक के ईमेल से हुआ. पीड़ित ने ईमेल के जरिए पुलिस को बताया कि उसे बंधक बनाकर जबरन साइबर ठगी कराई जा रही है. शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और पूरे सिंडिकेट का पता लगाया.

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया. मामले की जानकारी विदेश मंत्रालय और संबंधित देशों के दूतावासों को भी दी गई है. सभी को उनके देश वापस भेजने के लिए FRRO की मदद ली जा रही है.

जांच में सामने आया है कि गिरोह के मास्टरमाइंड ने लाखों रुपये महीने के किराए पर PG लिया हुआ था. यहां विदेशी नागरिकों को ठहराया जाता था. उन्हें PG से कॉल सेंटर तक लाने और वापस पहुंचाने के लिए दर्जनों कैब भी किराए पर लगाई गई थीं. इससे साफ है कि पूरे नेटवर्क को एक संगठित तरीके से चलाया जा रहा था.

355 मोबाइल और 168 कंप्यूटर बरामद

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, छापेमारी के दौरान पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं. पुलिस ने मौके से 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 150 से ज्यादा पासपोर्ट बरामद किए हैं. इसके अलावा इंटरनेट रोमिंग और संचार से जुड़े उपकरण भी मिले हैं.

दो भारतीय आरोपियों की तलाश में पुलिस

पुलिस ने इस मामले में एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है. जांच में सुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के दो भारतीय आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है. पुलिस दोनों की तलाश कर रही है. पुलिस के मुताबिक, सुनील कुमार विदेश भाग चुका है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन देशों से जुड़े हैं और साइबर ठगी के जरिए कितनी रकम जुटाई गई है.

बिना इस्तेमाल किए पानी का बिल वसूलना पड़ा महंगा, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी को देना होगा 50,000 रुपये का मुआवजा


 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES