SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी में महिला प्रोफेसर ने खोली डीन-HOD की पोल! यौन संबंध बनाने के दबाव में FIR दर्ज

मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर ने डीन और HOD पर यौन उत्पीड़न, धमकी और मोबाइल से तस्वीरें डिलीट करने के आरोप लगाए हैं. शिकायत के आधार पर गंगानगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है. महिला CO क्राइम मामले की जांच कर रही हैं.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 29, 2026, 14:48 IST | Updated: Nov 29, 2026, 14:51 IST
Image Credit: IIMT University Meerut (AI Generated Image)
Join

मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी एक बार फिर विवादों में है. यहां कार्यरत एक महिला असिस्टेंट प्रोफेसर ने फार्मेसी विभाग के डीन डॉ. के. नागराजन और डॉ. नसीरुद्दीन फारूकी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला प्रोफेसर ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना, नौकरी से निकालने की धमकी और निजी मोबाइल से हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें डिलीट करने जैसे आरोप लगाए थे. अब इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. महिला CO क्राइम सौम्या को जांच सौंपी गई है. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने इसकी पुष्टि की है.

DM को शिकायत देकर लगाए थे 7 गंभीर आरोप

असिस्टेंट प्रोफेसर स्वाति पुरिया ने 17 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी मेरठ को शिकायत पत्र दिया था. उन्होंने बताया था कि वह 1 अप्रैल 2026 से IIMT यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर काम कर रही हैं और इस पद के लिए जरूरी सभी शैक्षणिक योग्यताएं रखती हैं.

शिकायत में उन्होंने सात बिंदुओं के तहत डीन डॉ. के. नागराजन और डॉ. नसीरुद्दीन फारूकी पर आरोप लगाए. उनका कहना था कि 16 नवंबर को वह Pharmaceutical Microbiology की प्रैक्टिकल क्लास ले रही थीं. इसी दौरान डीन वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. आरोप है कि उन्हें धमकाया गया और सबके सामने अपमानित करने की कोशिश की गई.

यौन संबंध बनाने का दबाव और नौकरी से निकालने की धमकी

महिला प्रोफेसर ने अपनी शिकायत में दोनों अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. उनका आरोप है कि वरिष्ठ पदों का फायदा उठाकर उन पर शारीरिक संबंध बनाने और यौन संबंधी अनुचित मांगों को स्वीकार करने का दबाव बनाया गया. ऐसा नहीं करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी गई.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डॉ. नसीरुद्दीन फारूकी ने बिना सहमति उनका निजी मोबाइल फोन ले लिया. मोबाइल में मौजूद व्यक्तिगत सामग्री और हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें डिलीट कर दी गईं. शिकायत में इसे निजता के अधिकार का उल्लंघन बताया गया है.

बार-बार ऑफिस बुलाकर प्रताड़ित करने का आरोप

स्वाति पुरिया का आरोप है कि उन्हें 16 नवंबर और फिर 17 नवंबर को कार्यालय बुलाया गया. इससे वह मानसिक तनाव और डर में रहने लगीं. उन्होंने यह भी दावा किया कि विभाग के छात्रों पर दबाव बनाकर उनके खिलाफ लिखित शिकायतें दिलवाने की कोशिश की जा रही है.

शिकायत में पारिवारिक शोक के दौरान असंवेदनशील व्यवहार का मुद्दा भी उठाया गया है. उनका कहना है कि दादी की मृत्यु के बाद छुट्टी मांगी गई, लेकिन संस्थान ने छुट्टी देने से इनकार कर दिया और वेतन में भी कटौती की गई.

POSH एक्ट के तहत कार्रवाई और CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग

महिला असिस्टेंट प्रोफेसर ने डीन और HOD के खिलाफ निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की थी. उन्होंने यौन उत्पीड़न और कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से जुड़े POSH एक्ट 2013 समेत अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की मांग की.

इसके अलावा निजी मोबाइल जबरदस्ती लेने और तस्वीरें डिलीट करने की घटना की जांच कराने, CCTV फुटेज, उपस्थिति रजिस्टर और अन्य सबूत सुरक्षित रखने की मांग भी की. उन्होंने जांच के दौरान अपनी सुरक्षा, निजता और पेशेवर भविष्य को सुरक्षित रखने की अपील की थी. शिकायत की प्रतियां SSP मेरठ, राष्ट्रीय महिला आयोग, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भी भेजी गई थीं.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, महिला CO क्राइम करेंगी जांच

इस मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले गंगानगर थाना क्षेत्र स्थित IIMT यूनिवर्सिटी की एक असिस्टेंट प्रोफेसर की शिकायत IGRS के माध्यम से मिली थी. इसमें डीन और HOD के खिलाफ आरोप लगाए गए थे.

एसपी देहात के मुताबिक, इसी शिकायत के आधार पर थाना गंगानगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की जांच महिला CO क्राइम सौम्या कर रही हैं. उन्होंने बताया कि मुकदमे में साक्ष्य और अन्य पहलुओं को लेकर कार्रवाई चल रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच जारी है. महिला प्रोफेसर की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

पारस गोयल की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES