SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

तड़के 5 बजे आ धमकी आयकर की टीम, हिल गया वृंदावन का प्रॉपर्टी बाजार; फिर सुर्खियों में पेड़ कटान वाला शंकर सेठ

मथुरा और वृंदावन में शुक्रवार को आयकर विभाग की टीमों ने कार्रवाई की है. इस टीम ने रेडिसन होटल, शंकर सेठ के गुरुकृपा होटलों समेत अन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. गाजियाबाद से आई टीमों ने वित्तीय लेनदेन की जांच की, जिससे कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 13, 2026, 14:59 IST | Updated: Nov 13, 2026, 15:07 IST
Join

मथुरा और वृंदावन में शुक्रवार तड़के आयकर (IT) विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी से व्यापारिक और रियल एस्टेट जगत में हड़कंप मच गया. सुबह करीब 5 बजे विभाग की अलग-अलग टीमों ने एक साथ कई बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी. इस कार्रवाई के केंद्र में शहर के चर्चित कारोबारी और रियल एस्टेट से जुड़े दिग्गज नाम शामिल हैं, जिनमें रेडिशन होटल, गुरुकृपा बिल्डर और विवादों में रहे कारोबारी शंकर सेठ से जुड़े ठिकाने प्रमुख बताए जा रहे हैं.

सुबह सवेरे आयकर विभाग की दबिश
दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच सुबह-सवेरे जब शहर नींद से जाग भी नहीं पाया था, तब आयकर विभाग की गाड़ियां एक साथ कई प्रतिष्ठानों और आवासों पर पहुंचीं. सुरक्षा घेरे के बीच टीमों ने अंदर दाखिल होते ही सभी के मोबाइल कब्जे में ले लिए और दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया. सूत्रों के मुताबिक, रियल एस्टेट में हुए बड़े निवेश, जमीन की खरीद-फरोख्त और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन पर विभाग की नजर है. टीमें कंप्यूटर हार्ड डिस्क, बही-खातों और डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही हैं.

पहले भी विवादों में रहा है शंकर सेठ का नाम 
आयकर विभाग की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर कारोबारी शंकर सेठ का पुराना इतिहास चर्चा में आ गया है. वृंदावन और मथुरा के प्रॉपर्टी बाजार में दबदबा रखने वाले शंकर सेठ का नाम पहले भी कई बड़े विवादों से जुड़ता रहा है. खासतौर पर वृंदावन के चर्चित डालमिया बाग में अवैध रूप से हरे पेड़ों के कटान के मामले ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं.

जमीन के कई सौदों और प्रोजेक्ट्स को लेकर जांच
पर्यावरण नियमों को ताक पर रखकर रातों-रात सैकड़ों पेड़ों को काटने के इस मामले में प्रशासन और एनजीटी (NGT) तक ने सख्त रुख अपनाया था. इस प्रकरण में न केवल भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की गाज गिरी थी, बल्कि प्रॉपर्टी के इस खेल में लगे बड़े रसूखदारों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए थे. इसके अलावा भी जमीन के कई सौदों और प्रोजेक्ट्स को लेकर शंकर सेठ का नाम प्रशासनिक और कानूनी जांच के दायरे में रहा है.

व्यापारिक गलियारों में सन्नाटा
आयकर विभाग की टीमें सभी चिह्नित ठिकानों पर डटी हुई हैं और जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन को भी इसकी भनक ऐन वक्त पर लगी. इस छापेमारी में अब तक कितनी अघोषित संपत्ति या नकदी बरामद हुई है, इस पर विभाग ने चुप्पी साध रखी है. शहर के व्यापारिक गलियारों में दिन भर इसी कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चलती रहीं.

(मथुरा से कन्हैया लाल शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़िए: अंकित संखवार के लैपटॉप से मिला 17 लाख फर्जी ई-मेल आईडी का जखीरा, पाकिस्तान-बांग्लादेश से कनेक्शन!

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES