App

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में गणेश विसर्जन के दौरान बवाल, सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी पर पथराव, शीशा टूटा

Sant kabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरदोभा चौराहे पर गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस कार्रवाई से भड़की भीड़ ने जमकर हंगामा किया. तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस द्वारा डीजे वाहन को जब्त करने से लोग आक्रोशित हो गए और सड़क पर प्रदर्शन करने लगे.

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में गणेश विसर्जन के दौरान बवाल, सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी पर पथराव, शीशा टूटा
Image Credit: Sant Kabir Nagar

नीरज त्रिपाठी/संतकबीनगर: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के अमरदोभा चौराहे पर गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान (शुक्रवार) देर रात जमकर हंगामा हुआ. आक्रोशित भीड़ ने संतकबीरनगर से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ 'पप्पू' निषाद की गाड़ी को घेर लिया और तोड़फोड़ की. हमले में सांसद के वाहन के शीशे टूट गए. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सांसद को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला.

डीजे जब्त करने पर भड़का था गुस्सा
स्थानीय लोगों के अनुसार, अमरदोभा चौराहे के पास गणेश विसर्जन का जुलूस निकल रहा था. गणेश विसर्जन जुलूस शुरू हुआ और अमरदोभा होते हुए आगे बढ़ रहा था. निवासियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जुलूस के साथ चल रहे डीजे वाहन की तस्वीरें लीं और कहा कि बाद में इसे जब्त कर लिया जाएगा. निवासियों की मानें तो पुलिस इस वाहन को ले जाने लगी थी. इससे जुलूस में शामिल लोगों में गुस्सा फैल गया. पुलिस की इस कार्रवाई से जुलूस में शामिल लोग उग्र हो गए और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे.

बीच रास्ते में फंसी सांसद की गाड़ी
जिस समय सड़क पर विरोध प्रदर्शन चल रहा था, उसी दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी भी वहां से गुजर रही थी. उत्तेजित भीड़ ने सांसद की गाड़ी देखते ही उसका घेराव कर लिया. भीड़ ने कथित तौर पर नुकसान पहुंचाया और गाड़ी पर हमला बोल दिया. बताया जा रहा है कि इस हमले में गाड़ी की खिड़की टूट गई. पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और भीड़ के बीच से सांसद पप्पू निषाद को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला.

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सुशील कुमार सिंह और एसपी संदीप मीना भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया. फिलहाल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

एसपी संदीप मीना का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे थे और सांसद के वाहन को कड़ा सुरक्षा घेरा देकर सुरक्षित निकाल लिया गया. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

गणेश प्रतिमा विसर्जन कब-कब होता है?
गणेश चतुर्थी (स्थापना) के बाद भक्त अपनी मन्नत और सुविधा के अनुसार निम्न दिनों में विसर्जन करते हैं.
1.5 दिन (डेढ़ दिन) पर: चतुर्थी के अगले दिन
तीसरे दिन: स्थापना के तीसरे दिन
5वें दिन: पंचमी तिथि को
7वें दिन: सप्तमी तिथि को
10वें/11वें दिन: (अनंत चतुर्दशी - मुख्य विसर्जन)
यह सबसे बड़ा और मुख्य विसर्जन दिवस होता है, जिस दिन बड़े सार्वजनिक पंडालों और अधिकांश घरों की मूर्तियों का विसर्जन जुलूस के साथ किया जाता है.

जल विसर्जन (नदियों/कृत्रिम कुंडों में)
उत्तर प्रदेश में नदियों (गंगा, यमुना, गोमती आदि) को प्रदूषण से बचाने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा जगह-जगह कृत्रिम तालाब/कुंड (Artificial Ponds) बनाए जाते हैं. घाट या विसर्जन स्थल पर पहुंचकर अंतिम बार फिर से आरती की जाती है और सम्मानपूर्वक मिट्टी की प्रतिमा को जल में प्रवाहित किया जाता है. जो लोग घर में छोटी मिट्टी की मूर्ति स्थापित करते हैं, वे बाल्टी या टब में पानी भरकर घर पर भी इको-फ्रेंडली विसर्जन करते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More