लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस: सड़क पर संग्राम, पुलिस पर सवाल, डिप्टी सीएम ने शव को दिया कंधा
सहादतगंज में जमीन विवाद में हुए ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पीड़ित परिवार ने तीनों शवों को रखकर सड़क जाम कर दिया.
लखनऊ के सहादतगंज इलाके में हुए नौबस्ता ट्रिपल मर्डर केस के बाद अब सड़क पर संग्राम छिड़ गया है. तीन हत्याओं से गुस्साए लोगों का आक्रोश मंसूर नगर चौराहे पर देखने को मिला. तीनों शवों को रखकर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया. पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई. हत्यारोपियों के एनकाउंटर और फांसी की मांग उठी. आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी की गई. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और इंसाफ की गुहार लगाई. मौके पर पहुंचे RSS नेता ने भी पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई. वहीं, मामले में सआदतगंज इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज को सस्पेंड किया गया है. वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने शव को कंधा दिया.
तीन हत्याओं से उबाल
लखनऊ में ट्रिपल मर्डर केस को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया है. सहादतगंज के नौबस्ता में तीन लोगों की हत्या के बाद मंसूर नगर चौराहे पर जमकर हंगामा हुआ. प्रदर्शनकारियों ने तीनों शवों को रखकर सड़क जाम कर दी. लोगों का आक्रोश इतना बढ़ा कि मौके पर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई.
एनकाउंटर से बुलडोजर तक की मांग
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हत्यारोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई. कोई आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करता दिखा, तो किसी ने फांसी देने की मांग की. इतना ही नहीं, आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई गई. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस मामले में कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ितों को जल्द न्याय मिलना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान आरोपियों के कथित संरक्षकों के खिलाफ भी नारेबाजी हुई.
ट्रिपल हत्याकांड में एलडीए का एक्शन
ट्रिपल हत्याकांड में आरोपी के घर को एलडीए ने सील कर दिया है. एलडीए ने अवैध निर्माण घोषित कर चारों तरफ से घर को सील कर दिया है. मंगलवार को एलडीए की कई टीमें आरोपी के घर पहुंचीं और सीलिंग की कार्रवाई की. इस दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही. अब आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी है.
हत्याकांड में 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को विवाद के दौरान शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू की गोली मारकर हत्या की गई थी. वहीं, उनके बड़े भाई और भतीजे को घेरकर लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटा गया. मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के कब्जे से कथित वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली गई है. साथ ही पुलिस ने 6 जिंदा कारतूस, 6 खोखे और 2 मैगजीन भी बरामद करने का दावा किया. गिरफ्तार आरोपियों में सतीश शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, प्रिया शुक्ला और अदिति शुक्ला शामिल. पुलिस ने एक आईफोन-17 भी बरामद किया है.
डिप्टी सीएम ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
लखनऊ के सआदतगंज में हुई घटना के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और नीरज सिंह घटनास्थल पहुंचे. दोनों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पीड़ित परिवार को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है.
(लखनऊ से नंदन श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : लखनऊ में पार्किंग विवाद में खूनी संघर्ष, फायरिंग में 2 की मौत, 1 घायल