)
लखनऊ, नंदन श्रीवास्तव: शारदीय नवरात्रि चल रहा है. जिसके चलते हर जगह उत्सव का माहौल है. इस बीच लखनऊ के अलग-अलग चौराहों पर 'भारत विरोधी दशानन रावण' पोस्टर लगाए गए हैं. इस विवादित पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर एक नया भूचाल ला दिया है. विवादित पोस्टर में सनातन संस्कृति के विरोधी प्रतीक के रूप में रावण का चित्रण किया गया है, जिसके 10 सिर दिखाए गए हैं.
हैरानी की बात यह है कि सनातन रक्षा संगठन ने इस प्रतीकात्मक 'दशमुख रावण' के मुख्य किरदार के रूप में माफिया अतीक अहमद को दर्शाया है, जबकि इसके अन्य नौ सिरों पर देश-दुनिया की कई चर्चित हस्तियों के चेहरे लगाए गए हैं.
पोस्टर में किन-किन चेहरों को किया शामिल?
सामने आए इस विवादित पोस्टर में रावण के रूप में दिखाए गए इस कैरेक्टर में अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों को जगह दी गई है. इसमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का चेहरा पहले स्थान पर है, जबकि इसके बाद दुनिया के मशहूर बिजनेसमैन एलन मस्क, तीसरे नंबर पर मोहम्मद यूनुस और उसके बाद मुख्तार अंसारी, आजम खान, इल्हान उमर, प्रशांत भूषण, जॉर्ज सोरोस के चेहरे शामिल हैं. इसमें दसवां और अंतिम सिर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का दिखाया गया है.
क्या है संगठन का आरोप?
संगठन ने आरोप लगाया है कि डीप स्टेट का सरगना जॉर्ज सोरोस कई सालों से भारत को अस्थिर करने में लगा है. जबकि, प्रशांत भूषण ने सार्वजनिक तौर पर तख्तापलट की बात कही थी. संगठन ने पोस्टर में आरोप लगाए हैं कि अखिलेश यादव भी भारत में तख्तापलट का ख्वाब देखने वालों के साथ मंच साझा कर चुके हैं.
अक्सर देते हैं विवादित बयान
दरअसल, एलन मस्क ने हाल ही में सोशल मीडिया पर भारत के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट किया था. अमेरिकी सांसद इल्हान उमर आए दिन भारत के खिलाफ बोलती नजर आती हैं. अमेरिकी सांसद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर का दौरा भी कर चुकी है. बांग्लादेश में तख्तापलट करने वाले मोहम्मद यूनुस ने भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को लेकर विवादित बयान दिया था.