लखनऊ के सआदतगंज में पार्किंग विवाद बना खूनी संघर्ष, फायरिंग में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
पार्किंग और चबूतरा बनाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ा कि दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.
तुषार श्रीवास्तव/लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में पार्किंग के विवाद ने खूनी रूप ले लिया. नौबस्ता क्षेत्र में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन लोगों की जान चली गई. वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
विवाद कैसे शुरू हुआ?
बताया जा रहा है कि आरोपी ऋषभ के घर के पास बरगद का पेड़ लगा है. मोहल्ले के लोगों ने वहां पूजा के लिए चबूतरा बनाने का फैसला किया था. मृतक पक्ष समेत पूरा मोहल्ला इसके लिए तैयार था, लेकिन आरोपी ऋषभ इसका विरोध कर रहा था. इसी को लेकर पहले से तनातनी चल रही थी. आज इसी बीच मृतक शिवा तिवारी ने अपनी गाड़ी वहां खड़ी कर दी, जिसे लेकर ऋषभ ने विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते उसने फायरिंग कर दी.
तीन की मौत
फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए. गोली लगने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे घायल को परिजन अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी भी मौत हो गई. मृतकों की पहचान शिवा तिवारी, उनके भाई शंभू उर्फ शिवेंद्र तिवारी और शिवा के बेटे सुयश तिवारी के रूप में हुई है. शिवा तिवारी बिजली विभाग से रिटायर्ड थे और पहले RSS में जिला सह कार्यवाह (पश्चिम) की जिम्मेदारी संभाल चुके थे. उनके भाई शंभू और बेटे सुयश की बिजली की दुकान है. सुयश की इसी दिसंबर में शादी होने वाली थी.
सिपाही ने दिखाई बहादुरी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मौके पर मौजूद सिपाही कार्तिक ने बिना हथियार के ही साहस दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और उसे दबोच लिया. आरोपी ऋषभ मर्चेंट नेवी में रह चुका है.
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गु्स्सा है और इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नौबस्ता क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सआदतगंज में भक्ति के नाम पर चोरी, शातिर महिला CCTV में कैद
सआदतगंज इलाके के चारों धाम मंदिर में चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. दिनदहाड़े श्रद्धालु बनकर मंदिर में घुसी एक महिला भगवान के गहने चुराकर फरार हो गई. पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. बताया जा रहा है कि पीले सूट और काले दुपट्टे में आई महिला ने पहले मंदिर में पूजा-पाठ का दिखावा किया और मौका मिलते ही उसने भगवान के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया और वहां से निकल गई. मंदिर के पुजारी को जब गहने गायब दिखे तो उन्होंने CCTV फुटेज खंगाला, जिसमें महिला चोरी करते हुए साफ नजर आ रही है. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. सआदतगंज पुलिस फुटेज के आधार पर महिला की तलाश में जुटी है.
वर्दी फाड़ी, हिरासत से भगाया: मुजफ्फरनगर में पुलिस पर हमला, वारंटी को छुड़ाकर ले गए परिजन