कासगंज, गौरव: उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद के पटियाली बूथ पर स्नातक एमएलसी चुनाव में वोटिंग के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच मतदान केंद्र पर कहासुनी शुरू हो गई.
बहस का वीडियो आया सामने
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की शुरू हो गई. धक्का-मुक्की और तीखी तनातनी से माहौल बेहद गरमा गया. दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक दूसरे से बुरी तरह झगड़ने लगे. जिसका वीडियो भी सामने आया है. जिसमें सपा और बीजेपी के कार्यकर्ता बहस करते हुए नजर आ रहे हैं.
ब्रज क्षेत्र के मंत्री डीएस लोधी का वार
स्थिति बिगड़ती देख ब्रज क्षेत्र के मंत्री डीएस लोधी ने खुद मोर्चा संभाला. इस घटना के बाद मंत्री डीएस लोधी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं के आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता मर्यादित, पढ़ा-लिखा और ईमानदार है. सपा वालों की मानसिकता आज भी वही पुरानी सरकार वाली है बूथ लूटो और फर्जी वोट डंप करो.
स्थानीय विधायक पर संगीन आरोप
सपा की स्थानीय विधायक नादिरा सुल्तान पर आरोप लगाते हुए डीएस लोधी ने कहा कि वह खुद जबरन पोलिंग बूथ के भीतर जाकर बैठी थीं और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही थीं. उन्होंने यह भी कहा कि वो भूल गई हैं कि अब सपा की सरकार नहीं है, अब भाजपा की सरकार है. वो सोच रही थीं कि हमेशा की तरह बूथ कैप्चरिंग करा लेंगी, लेकिन ये तांडव अब नहीं चलेगा. चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होगा.
सपा विधायक का पलटवार
दूसरी तरफ सपा विधायक नादिरा सुल्तान ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वो और उनके समर्थक बूथ के अंदर नहीं, बल्कि बाहर शांतिपूर्वक खड़े थे. उल्टा भाजपा के लोगों ने ही उनके साथ अभद्रता और बदतमीजी की. वहीं बूथ पर भाजपा के लोग कब्जा करना चाह रहे थे.