)
कार्तिक पूर्णिमा 2026: कार्तिक पूर्णिमा के पावन मौके पर आज पूरा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड भक्ति के रंग में रंग गया. सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही गंगा, सरयू और संगम के घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. हर तरफ हर-हर गंगे और जय श्रीराम के जयकारे गूंज रहे हैं. लाखों लोगों ने पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाई और परिवार की खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना की.
हापुड़ के ब्रजघाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. लोगों ने गंगा में डुबकी लगाकर पूजा की और दान-पुण्य किया. वहीं बरेली में रामगंगा के तट पर भी सुबह अंधेरा रहते ही भीड़ जुट गई थी. घाटों पर सुरक्षा के लिए वॉच टावर लगाए गए और पुलिस का कड़ा पहरा रहा.

संगम नगरी प्रयागराज में तो आधी रात से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था. सुबह होते-होते गंगा, यमुना और सरस्वती के त्रिवेणी संगम पर लाखों लोग जुट गए. श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई. मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर संगम स्नान और दान करने से विशेष पुण्य मिलता है.

रामनगरी अयोध्या में भी सरयू के घाट भक्तों से भरे हुए हैं. सुबह से ही लोग सरयू में स्नान करके मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने दो पालियों में पुलिस तैनात की है. पुलिस के साथ-साथ नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और जल पुलिस की टीमें भी व्यवस्था संभाल रही हैं.
अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के मुताबिक, सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की दो पालियों में ड्यूटी लगाई गई है. वहीं जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि रात से ही श्रद्धालुओं का अयोध्या पहुंचना जारी है.
उत्तराखंड के हरिद्वार में हरकी पौड़ी पर तड़के सुबह से ही गंगा स्नान के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है. श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर सुख-शांति की कामना की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सेहत लेकर आए. मां गंगा और भगवान विष्णु की कृपा सब पर बनी रहे. सीएम योगी ने मां गंगा और भगवान श्रीहरि विष्णु की कृपा सभी पर बने रहने की कामना भी की.
धर्म नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा है.ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया. काशी के सभी 84 घाटों पर श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं.हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयकारों से गंगा के घाट गूंज उठे.कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, दान-पुण्य और पूजा-अर्चना का विशेष धार्मिक महत्व है.मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है.

बिजनौर मे कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर विदुर कुटी गंगा घाट पर लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई. गंगा स्नान के दिन जिले भर से आये लाखों श्रद्धालू आस्था की डुबकी लगा रहे हैं.
सुबह सवेरे तड़के से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी. हर-हर गंगे और जय मां गंगा के जयकारों के बीच श्रद्धालु लगातार गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने भ्रमणशील रहते हुए किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. गंगा घाटों सहित मेला क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. गंगा स्नान का सिलसिला लगातार जारी है. आज विदुर कुटी पर दस से 12 लाख श्रद्धांलुओं के गंगा स्नान करने का अनुमान लगाया जा रहा है.
