SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जौनपुर की जनता ने हमेशा चौंकाया है, देखिए 2027 विधानसभा चुनाव से पहले क्या कह रहे हैं पुराने आंकड़े?

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में जौनपुर सीट पर किसका पलड़ा भारी है. जानिए पिछले तीन चुनावों के आंकड़े, स्थानीय मुद्दे और सियासी समीकरण विस्तार से.

Written By Gunateet Ojha
Published: Nov 23, 2026, 22:15 IST | Updated: Nov 23, 2026, 22:19 IST
Image Credit: ZEE Creatives.
Join

उत्तर प्रदेश की सियासत का मिजाज समझना हर किसी के बस की बात नहीं. बात पूर्वांचल के जौनपुर जिले की हो तो मामला और भी दिलचस्प हो जाता है. गोमती नदी के किनारे बसा यह ऐतिहासिक शहर अपनी तहजीब और पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ अपनी तेज राजनीतिक समझ के लिए भी जाना जाता है. 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी थोड़ा वक्त जरूर है. लेकिन जौनपुर के हर चौराहों पर सियासी पारा अभी से चढ़ने लगा है. इस बार सवाल सीधा है कि क्या भाजपा अपनी जीत की हैट्रिक पूरी कर पाएगी.. या फिर सपा और बाकी विपक्षी दल मिलकर कोई नया सियासी समीकरण तैयार करेंगे.

जौनपुर की सियासी पिच पर क्या है मौजूदा माहौल

जौनपुर सदर विधानसभा सीट हमेशा से ही जिले की राजनीति का सबसे बड़ा केंद्र रही है. पिछले दो विधानसभा चुनावों 2017 और 2022 में इस सीट पर कमल खिला है. भाजपा के गिरिश चंद्र यादव ने लगातार दो बार यहां से जीत दर्ज करके अपनी मजबूत पकड़ साबित की है. लेकिन राजनीति में कोई भी रिकॉर्ड हमेशा के लिए नहीं होता. 2022 के चुनाव में जीत का अंतर काफी कम हो गया था. जिसने विपक्ष को एक नई उम्मीद दे दी है. यही वजह है कि 2027 की लड़ाई को अभी से बेहद रोमांचक माना जा रहा है. एक तरफ सत्ताधारी दल के सामने अपने कामकाज के दम पर भरोसा बनाए रखने की चुनौती है तो दूसरी तरफ विपक्ष जनता के बीच जाकर माहौल बदलने की कोशिश में जुटा है.

2022 के चुनाव में देखने को मिली थी कांटे की टक्कर

अगर हम 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो साफ दिखता है कि मुकाबला एकतरफा नहीं था. इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी गिरिश चंद्र यादव को कुल 97,760 वोट मिले थे. वहीं सपा के उम्मीदवार मोहम्मद अरशद खान ने उन्हें कड़ी टक्कर देते हुए 89,708 वोट हासिल किए थे. दोनों प्रमुख उम्मीदवारों के बीच जीत और हार का अंतर सिर्फ 8,052 वोटों का रह गया था.

इस चुनाव में बसपा के सलीम खान 30,579 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे थे. कांग्रेस के नदीम जावेद को 12,150 वोट मिले थे और वे चौथे स्थान पर थे. एआईएमआईएम के अभयराज के खाते में 6,228 वोट गए थे. इन आंकड़ों से यह हो जाता है कि छोटे दलों और तीसरे-चौथे नंबर पर रहने वाले उम्मीदवारों को मिलने वाले वोट भी मुख्य मुकाबले की दिशा तय करने में बड़ा रोल निभाते हैं.

महिला वोटर्स का उत्साह रहा सबसे खास

2022 के चुनाव में जौनपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,35,634 रजिस्टर्ड मतदाता थे. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 2,27,983 थी और महिला मतदाताओं की संख्या 2,07,636 थी. कुल मिलाकर 2,48,590 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 57.06 रहा था. यहां सबसे गौर करने वाली बात यह है कि वोट डालने के मामले में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया था. जहां पुरुषों का मतदान प्रतिशत 54.01 रहा, वहीं 59.47 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने बूथ तक पहुंचकर वोट डाला. 2027 के चुनाव में भी महिला वोटर्स का यह उत्साह किस पार्टी के पक्ष में जाता है, यह देखना काफी दिलचस्प होगा.

2017 और 2012 के नतीजे बताते हैं बदलते समीकरण

जौनपुर की राजनीति को सही तरीके से समझने के लिए थोड़ा और पीछे चलना जरूरी है. 2017 के विधानसभा चुनाव में जब पूरे प्रदेश में भाजपा की लहर थी. तब गिरिश चंद्र यादव पहली बार इस सीट से विधायक बने थे. उस चुनाव में उन्हें 90,324 वोट मिले थे. उनके सामने कांग्रेस के नदीम जावेद थे, जिन्हें 78,040 वोट हासिल हुए थे. उस समय जीत का अंतर 12,284 वोटों का था. बसपा के दिनेश टंडन 41,877 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे. 2017 में कुल 3,46,551 मतदाता थे और मतदान प्रतिशत 61.99 रहा था. उस साल भी महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 65.99 था, जो पुरुषों के 58.10 प्रतिशत से काफी ज्यादा था.

अब बात करते हैं 2012 के विधानसभा चुनाव की.. जब मुकाबला चार कोनों में बंटा हुआ नजर आया था. 2012 में कांग्रेस के नदीम जावेद ने 50,863 वोट पाकर जीत दर्ज की थी. बसपा के तेजबहादुर मौर्य 'पप्पू' सिर्फ थोड़े से अंतर से पीछे रह गए थे और उन्हें 49,624 वोट मिले थे. सपा के जावेद अंसारी 47,724 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर थे, जबकि भाजपा के सुरेंद्र प्रताप को 30,948 वोट मिले थे. 2012 के नतीजे इस बात का सबूत हैं कि जौनपुर की सीट पर जब मुकाबला बहुकोणीय होता है, तो हर एक वोट की कीमत कई गुना बढ़ जाती है.

2027 में किन मुद्दों पर वोट करेगी जौनपुर की जनता

आने वाले चुनाव में सिर्फ पुराने आंकड़े ही काम नहीं आएंगे.. जमीनी मुद्दे सबसे बड़ा रोल निभाएंगे. जौनपुर के आम नागरिकों और खासकर युवा वर्ग के बीच कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर खुलकर बात हो रही है.

सड़क और जल निकासी की समस्या: शहर के कई इलाकों में बारिश के दौरान जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या लंबे समय से चर्चा में रही है. शहरी बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना लोगों की सबसे पहली मांग है.

युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा: जौनपुर से हर साल हजारों युवा पढ़ाई और नौकरी की तलाश में बड़े शहरों की तरफ जाते हैं. स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए मौके और बेहतर उच्च शिक्षा संस्थानों की मांग युवाओं के बीच काफी मजबूत है.

स्वास्थ्य सुविधाएं: सरकारी अस्पतालों में इलाज की बेहतर व्यवस्था और आधुनिक मेडिकल सुविधाओं की उपलब्धता भी एक ऐसा मुद्दा है जो हर परिवार को सीधे तौर पर प्रभावित करता है.

उम्मीदवार की छवि और जनसंपर्क: जौनपुर के मतदाता पार्टी के निशान के साथ-साथ उम्मीदवार के व्यवहार और क्षेत्र में उसकी मौजूदगी को भी बहुत करीब से देखते हैं. जो नेता सुख-दुख में जनता के बीच रहता है, उसे हमेशा फायदा मिलता है.

आगे की राह किसके लिए आसान और किसके लिए मुश्किल

2027 का विधानसभा चुनाव जौनपुर के लिए कई मायनों में निर्णायक साबित हो सकता है. बीजेपी के सामने अपनी पिछले दो चुनावों की जीत को बरकरार रखने और एंटी-इनकंबेंसी यानी सत्ता विरोधी लहर को संभालने की चुनौती होगी. पार्टी का मजबूत संगठन और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं. दूसरी तरफ, सपा 2022 के बेहद करीबी मुकाबले से सबक लेकर अपनी रणनीति को धार देने में जुटी है. विपक्ष की पूरी कोशिश यही होगी कि पिछले चुनाव के 8 हजार वोटों के अंतर को पाटकर जीत दर्ज की जाए.

यह भी पढ़ेंः बलिया नगर सीट का पूरा हिसाब-किताब: पिछले 3 चुनावों के आंकड़े बताते हैं 2027 में किसका पलड़ा रहेगा भारी?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES