अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है. 5 करोड़ की रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप पर अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. हरिद्वार पुलिस ने रविवार को उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया. उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी केस में भी चर्चा में आई थीं. पिछले दिनों अंकिता भंडारी केस में सीबीआई उर्मिला से पूछताछ करने सहारनपुर पहुंची थी.
दरअसल, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने हरिद्वार पुलिस से शिकायत की थी. पूर्व विधायक की बेटी ने उर्मिला सनावर पर 5 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था. आरोप है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की थी. रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाया था. रानीपुर पुलिस ने 12 घंटे के अंदर सहारनपुर से उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया.
उर्मिला सनावर सहारनपुर के गोविंद नगर में रहती हैं. वह टीवी सीरियल में काम कर चुकी हैं. उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो-वीडियो क्लिप जारी कर चर्चा में आ गई थी. उर्मिला ने खुद को बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताया था. उर्मिला ने एक रिकॉर्डिंग वायरल की थीं, इसमें वह अंकिता भंडारी केस में कथित वीआईपी का जिक्र कर रही थीं. बीजेपी के एक बड़े नेता का भी वह नाम ले रही थीं.
सीबीआई पिछले दिनों उर्मिला से पूछताछ भी की. बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से भी सीबीआई ने घंटों पूछताछ की थी. अंकिता भंडारी केस में सीबीआई ने उर्मिला से आडियो संबंधी साक्ष्य भी एकत्रित किए थे. अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच कर ही सीबीआई ने नार्को टेस्ट कराने को कहा तो उर्मिला राजी हो गई थी. सीबीआई ने उन्हें नार्को टेस्ट के लिए नोटिस भी चस्पा किया था.
कोर्ट ने उर्मिला को 23 अक्टूबर को पेश होने के लिए नोटिस दिया था. उर्मिला 23 अक्टूबर को कोर्ट में पेश हुई थीं. इसके बाद कोर्ट ने 26 अक्टूबर को नार्को टेस्ट की डेट तय की थी. एक दिन पहले ही हरिद्वार पुलिस ने उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है. अब पूरे मामले में एक बार फिर से बयानबाजी शुरू हो गई है. साथ ही नार्को टेस्ट से एक दिन पहले गिरफ्तारी पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं.