गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: हरदोई में डिवाइडर से टकराई बेकाबू कार, IT कंपनी के वाइस चेयरमैन का पूरा परिवार उजड़ा
नोएडा से प्रयागराज जा रहा एक कार सवार परिवार गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गया. हरदोई में बेकाबू कार डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई.
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. हादसे में पूरा परिवार उजड़ गया. तेज रफ्तार XUV-300 कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. हादसे में पति-पत्नी और उनके दोनों मासूम बच्चों की मौत हो गई. दुर्घटना सांडी थाना क्षेत्र के अंटवा-सिसला गांव के पास किलोमीटर संख्या 317 पर हुई. मृतकों में नोएडा की IT कंपनी के वाइस चेयरमैन, पत्नी और बेटे शामिल हैं.
डिवाइडर से टकराई कार
जानकारी के अनुसार, सौरभ नोएडा में रहकर काम करते थे. वह पत्नी मेनका और दोनों बच्चों शिवओम व व्योम के साथ XUV-300 कार से नोएडा से प्रयागराज जा रहे थे. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे के डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में सौरभ और मेनका की मौत हो गई. दोनों बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. सांडी सीएचसी में भर्ती कराए गए एक बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे बच्चे व्योम को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया. यहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया.
प्रयागराज का रहने वाला था परिवार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से शोक की लहर है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रयागराज निवासी सौरभ उपाध्याय (38) और उनकी पत्नी मेनका उपाध्याय (36) के रूप में हुई है. हादसे में इनके दो बेटे शिवओम (7) और (3) व्योम की भी मौत हो गई.
सोनभद्र में दो अलग-अलग जगहों पर भीषण सड़क हादसे
सोनभद्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों का कहर देखने को मिला है. जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों ने लोगों को दहला दिया. पहली घटना में बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें बस चालक समेत 16 लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका. हादसे में चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं दूसरी घटना में तेज रफ्तार ट्रक ने चारपहिया वाहन को ऐसी टक्कर मारी कि कार घूमकर सीधे ट्रक के सामने आ गई. कार में चार लोग सवार थे. गनीमत रही कि कार पलटी नहीं और ट्रक समय रहते रुक गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
(हरदोई से आशीष द्विवेदी और सोनभद्र से अरविन्द दुबे की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : यूपी में दो दर्दनाक हादसे: बहन की शादी का कार्ड देकर लौट रहे युवक समेत 3 दोस्तों की मौत, संभल में अज्ञात वाहन ने ली जान