चलती ट्रेन में कहां से आया पत्थर? यात्री के सिर में गंभीर चोट, टिकट-पर्स गायब; सैफई रेफर
फर्रुखाबाद में गोरखपुर-बड़ोदरा एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्री के सिर में पत्थर लग गया. गंभीर हालत में उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.
अमर साइमन/फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में गोरखपुर-बड़ोदरा एक्सप्रेस में सफर कर रहा एक यात्री अचानक पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना नीम करोरी रेलवे स्टेशन के आसपास की बताई जा रही है. यात्री ट्रेन में सवार होकर अपने घर लौट रहा था. फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ ने उसे लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया.यहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.
खिड़की के पास बैठा था यात्री, अचानक लगा पत्थर
जानकारी के मुताबिक, लखीमपुर खीरी जनपद के दुर्गा गौड़ी गांव निवासी हरिशंकर राजस्थान में नौकरी करते है. वह बड़ोदरा से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नीम करोरी स्टेशन के आसपास उनके सिर में अचानक पत्थर आकर लगा. घायल के मुताबिक वह ट्रेन में खिड़की के पास बैठे थे. हालांकि आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी मीणा के मुताबिक यात्री ट्रेन के दरवाजे पर बैठा हुआ था. पत्थर कैसे लगा, इसकी जानकारी घायल को भी नहीं हो सकी.
सीटी स्कैन के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ शाम करीब साढ़े पांच बजे घायल को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची. यहां उसका उपचार शुरू किया गया और सीटी स्कैन कराया गया. हालत गंभीर होने पर रात करीब दस बजे उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे. वहीं घायल की बहन भारतीय किसान यूनियन से जुड़ी हैं. जानकारी मिलने पर संगठन के जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना. मामले में पत्थर लगने के कारणों की जानकारी की जा रही है.
अजय कटियार, जिलाध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन ने बताया कि यात्री की हालत नाजुक है इसलिए इनको सैफई रेफर किया गया है. उनके मुताबिक हरिशंकर ने बताया कि बाहर से एक पत्थर तेजी से आया और बहुत तेज लगा. यात्री के मुताबिक टिकट और पर्स गायब है.
मऊ में बड़ा हादसा टला: टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए छत से कूदे कर्मचारी