)
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा हो गया. बाघराय थाना क्षेत्र के छेवंगा नहर के पास तेज रफ्तार डंपर ने चार लोगों को कुचल दिया. हादसे में तीन की मौत हो गई. एक घायल है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. थानाध्यक्ष श्रवण कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए.
हादसे में पति पत्नी और साले की मौत
घटना की सूचना मिलते ही आलाधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर थाने ले गई है. मृतकों की पहचान रीता उम्र 45 वर्ष, हैदर उम्र 48 वर्ष और नोखे लाल उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है. रीता और हैदर पति-पत्नी थे, जबकि नोखे लाल रीता का भाई बताया जा रहा है. घायल बच्चे की पहचान 6 वर्षीय शुभम के रूप में हुई है, जो नोखे लाल का बेटा है.
एक बाइक पर चार लोग सवार थे
बताया जा रहा है कि ये सभी गैसपुर दुखीपुर कुंडा के रहने वाले थे. रीता अपने मायके मऊआइमा प्रयागराज जा रही थी. वहीं पर नोखे लाल की ससुराल है तो वह भी बाइक पर सवार हो गया. एक बाइक पर कुल चार लोग सवार थे. अज्ञात डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी. हादसे के बाद बाइक सड़क पर गिर गई. डंपर चालक हादसे के बाद भागने लगा. इसके चलते नीचे सड़क पर गिरे लोगों को कुचलते हुए फरार हो गया.
हादसे के बाद डंपर चालक फरार
तीन मौतों से पूरे गांव में मातम पसर गया है. पुलिस ने घायल बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया है. जहां उसका इलाज चल रहा है. अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने बताया कि डंपर चालक फरार हो गया. तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. घर वालों को हादसे की सूचना दे दी गई है. पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है. सभी एक ही बाइक पर सवार थे.
बुलंदशहर हाईवे पर दो कारों में टक्कर
मेरठ में बुलंदशहर हाईवे पर बेकाबू कार की एक दूसरी कार से टक्कर हो गई. हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में कार चालक अनस गंभीर रूप से घायल है. बताया गया कि भावनपुर के जेई गांव निवासी मुस्तफा के बेटे जीशान का निकाह एक साल पहले गौतमबुद्धनगर में हुआ था. निकाह के बाद पहली बार जीशान अपनी पत्नी को मायके से विदा कराकर लाने की तैयारी में था. दोपहर करीब 12 बजे जीशान, उसकी बड़ी बहन अजरा, चाचा मोबिन, छोटी बहन इशरत, दो बच्चे और अजरा का देवर सुहैल गांव के ही मोहम्मद साहब की इको कार से गौतमबुद्धनगर के लिए निकले थे. तभी हादसे का शिकार हो गए.