App

मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बेकाबू कार ने इको को मारी टक्कर, चाचा-भतीजी समेत तीन की मौत

मेरठ से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां बुलंदशहर हाईवे पर सड़क हादसे में चाचा-भतीजी समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है.

मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बेकाबू कार ने इको को मारी टक्कर, चाचा-भतीजी समेत तीन की मौत

मेरठ, पारस गोयल: मेरठ के बुलंदशहर हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बेकाबू कार की एक दूसरी कार से टक्कर जोरदार टक्कर हो गई, जिससे तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है. हादसे में कार चालक अनस भी गंभीर रूप से घायल है.  

दुल्हन को विदा कराने जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, भावनपुर के जेई गांव निवासी मुस्तफा के बेटे जीशान का निकाह एक साल पहले गौतमबुद्धनगर में हुआ था. निकाह के बाद पहली बार जीशान अपनी पत्नी को मायके से विदा कराकर लाने की तैयारी में था. दोपहर करीब 12 बजे जीशान, उसकी बड़ी बहन अजरा, चाचा मोबिन, छोटी बहन इशरत, दो बच्चे और अजरा का देवर सुहैल गांव के ही मोहम्मद साहब की इको कार से गौतमबुद्धनगर के लिए निकले थे.  

जानिए कैसे हुआ ये हादसा
जानकारी के मुताबिक, जब इको खरखौदा बाइपास के मढैया कट के पास पहुंची, तभी हापुड़ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई. बताया जा रहा है कि कार चालक अनस मोबाइल पर बात कर रहा है, तभी उसने कार से अपना संतुलन खो दिया. अनियंत्रित कार डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ आ गई और सामने से आ रही इको से भिड़ गई.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार दो बार पलटने के बाद सीधी हुई, जबकि स्विफ्ट कार से एक सिलेंडर निकलकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से खिड़की काटकर घायल कार चालक अनस को बाहर निकाला गया.

तीन की मौत, कई घायल
इस हादसे में इको चालक 35 वर्षीय साहब, उनके पास बैठे 60 वर्षीय मोबिन और पीछे बैठी 32 वर्षीय इशरत की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, इशरत का पांच वर्षीय बेटा, अजरा, उनकी तीन वर्षीय बेटी और सुहैल गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

सीओ किठौर समेत भारी पुलिस बल ने स्थिति का जायजा लिया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More