दिव्या मित्तल मीरजापुर की किस सीट से लड़ेंगी चुनाव? पूर्व आईएएस ने बढ़ाया चुनावी पारा, जानें कब खोलेंगी सियासी पत्ते
आईएएस पद से इस्तीफा दे चुकीं दिव्या मित्तल मीरजापुर में भ्रमण कर रही हैं. दिव्या मित्तल 2027 के विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाएंगी. वह मीरजापुर से ही चुनाव लड़ सकती हैं.
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मीरजापुर की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज होती दिखाई दे रही है. पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने गंगा आरती के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया, लेकिन वह किस विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी, इस सवाल पर उन्होंने फिलहाल पत्ते नहीं खोले.
किस सीट से चुनाव लड़ेंगी? नहीं खोल पत्ते
गंगा आरती के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दिव्या मित्तल ने कहा कि मीरजापुर जिले की सभी जनता ही उनका प्रचारक है. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. माना जा रहा है कि उनके बयान ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले का चुनावी पारा बढ़ा दिया है. दिव्या मित्तल की प्रशासनिक कार्यशैली और जिले में उनके कार्यकाल को लेकर पहले भी लोगों के बीच चर्चा रही है. अब उनके चुनाव लड़ने की संभावनाओं ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई अटकलों को जन्म दे दिया है.
दिव्या मित्तल के अगले कदम पर नजर
हालांकि, उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया कि वह मीरजापुर जिले की किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी. उनके समर्थक और राजनीतिक विश्लेषक अब उनके अगले कदम पर नजर बनाए हुए हैं. उनके बयान के बाद यह सवाल भी चर्चा में है कि क्या वह जल्द ही चुनावी मैदान में उतरने की औपचारिक घोषणा करेंगी.
पिछले दिनों बनाई थी अपनी पार्टी
बता दें कि पिछले दिनों दिव्या मित्तल ने अपनी नई पार्टी बनाई थी. उनकी पार्टी का नाम जननीति भारतीय पार्टी है. उन्होंने मीरजापुर से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. वह पिछले कई दिनों से मीरजापुर में डेरा डाले हैं. वह गांव गांव रामलीला मंचन देखने पहुंच रही हैं. बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत में पहुंच रहे हैं. महिलाओं और बुजुर्गों से मिल रही हैं.
2013 बैच की आईएएस अफसर थीं
दिव्या मित्तल 2013 बैच की आईएएस अधिकारी रह चुकी हैं. दिव्या मित्तल प्रशासनिक सेवा के दौरान मीरजापुर और देवरिया समेत कई जिलों में अहम पदों पर रहीं. मीरजापुर के लहुरियादह गांव तक पाइप के जरिए पानी पहुंचाने के काम को लेकर उनकी चर्चा होती रहती है. आईएएस पद से इस्तीफा देकर उन्होंने सियासत में उतरने का ऐलान किया था. वह 2027 के विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाएंगी. हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं है कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगी.
यह भी पढ़ें ; बीजेपी महिला मोर्चा की नई टीम का ऐलान: पंकज चौधरी ने जारी की 28 जिलाध्यक्षों की लिस्ट