काशी की देव दीपावली पर आसमान में होगा शिव तांडव! 600 फीट ऊंचाई तक पहुंचेगी आतिशबाजी, 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे घाट
24 नवंबर को काशी की देव दीपावली के मौके पर खास आयोजन होगी. इस मौके पर 11 लाख दीपों से घाट जगमगाएंगे. वहीं गंगा पार रेती पर शिव भजनों के साथ 10 मिनट का ग्रीन आतिशबाजी और लेजर शो आकर्षण का केंद्र बनेगा.
देव दीपावली (या देव दिवाली) कार्तिक मास की पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है, जो कि कल यानी कि 24 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी. यह दिवाली के 15 दिन बाद आती है और इसे 'देवताओं की दिवाली' भी कहा जाता है. ऐसे में वाराणसी में देव दीपावली के मौके पर न सिर्फ गंगा के घाट बल्कि गंगा पार की रेती पर भी रोशनी और मॉडर्न टेक्नोलॉजी का शानदार नजारा देखने को मिलेगा. 24 नवंबर को होने वाली काशी की भव्य देव दीपावली को खास बनाने के लिए गंगा पार एक खास ग्रीन एरियल पटाखा शो प्लान किया गया है. इस दौरान आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी, लेजर लाइट और शिव भजनों का अनोखा मेल देखने को मिलेगा. यह खास आयोजन श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार की रेती पर होगा.
शिव भजनों की धुनों से आसमान जगमगाएगा
प्रस्तावित प्रोग्राम के मुताबिक, रात 8:30 बजे से 8:40 बजे तक 10 मिनट का ग्रीन आतिशबाजी शो होगा. आयोजन के दौरान भगवान शिव के भजनों के नौ से दस ट्रैक बजाए जाएंगे. इनमें 'हर हर महादेव शंभू', 'डमरू बजाओ भोलेनाथ ने', 'शिव तांडव स्तोत्र', 'मेरा भोला है भंडारी', और 'महाकाल' जैसे पॉपुलर भजन शामिल होंगे. इन भजनों की धुन पर आसमान में अलग-अलग रंगों के आकर्षक आकार और ज्योमेट्रिक डिजाइन बनाए जाएंगे. लेजर लाइट, म्यूजिक और आतिशबाजी का कॉम्बिनेशन इस कार्यक्रम को खास बनाएगा.
500 से 600 फीट की ऊंचाई तक जाएंगे आतिशबाजी के गोले
आयोजकों के मुताबिक, भारत में पहली बार इस शो में खास 8 इंच के आतिशबाजी के गोले इस्तेमाल किए जाएंगे. ये गोले लगभग 500 से 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेंगे. आतिशबाजी ज़मीन पर लगभग 1200 फीट तक फैलेगी, जबकि आसमान में एक बार पहुंचने के बाद ये लगभग 1600 से 1800 फीट तक दिखाई देंगी. माल्टा की आतिशबाजी से प्रेरित खास आकार और आकर्षक रंग बदलने वाले पैटर्न भी दिखाए जाएंगे. ग्रीन आतिशबाजी और लेजर शो होगा खास आकर्षण
आयोजकों का दावा है कि मॉडर्न टेक्नोलॉजी से तैयार किए गए ग्रीन एरियल पटाखे पॉल्यूशन-फ्री हैं. आतिशबाजी के साथ लेजर लाइट और शिव संगीत का कॉम्बिनेशन टूरिस्ट और भक्तों के लिए खास आकर्षण होगा. गंगा के पानी में आतिशबाजी और लेजर लाइट का रिफ्लेक्शन इस नजारे को और भी बढ़ा देगा. गंगा के दोनों किनारों से भक्त गंगा आरती के साथ इस खास शो का आनंद ले सकेंगे.
काशी के घाटों पर जलाए जाएंगे 11 लाख दीये
देव दीपावली के मौके पर काशी के घाटों को 11 लाख दीयों से रोशन करने की तैयारी चल रही है. इस बड़े आयोजन के लिए देश-विदेश से लाखों भक्तों और टूरिस्ट के वाराणसी पहुंचने की उम्मीद है. लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाओं की तैयारी शुरू कर दी है. मुख्य सड़कों, घाटों और आयोजन स्थलों पर भीड़ कंट्रोल के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं.
इस साल काशी की देव दीपावली में रोशनी का पारंपरिक त्योहार मॉडर्न लेजर टेक्नोलॉजी और ग्रीन आतिशबाजी के साथ मनाया जाएगा. गंगा के दोनों किनारों पर दीये जलाकर और आसमान में शिव भजन गाकर दिखाया जाने वाला यह खास शो भक्तों और टूरिस्ट के लिए एक यादगार अनुभव होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: 'अवध और मिथिला के संबंधों में जुड़ने जा रहा स्वर्णिम अध्याय', सीएम योगी ने दी रामभक्तों को बधाई
(वाराणसी से जय पाल की रिपोर्ट)