)
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि सरगर्मी तेज करने की ही तैयारियों के लिए हम लोग यहां आए हैं. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रदेश इकाई ने इस बात को स्पष्ट किया है कि हम लोग यूपी विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे. वह भी सभी 403 सीटों पर. इतना ही नहीं चिराग पासवान ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने को कहा है.
चिराग पासवान ने कहा कि अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम कर संगठन को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत कर हम लोग आगामी विधानसभा के चुनाव में पार्टी की एक मजबूत पकड़ उत्तर प्रदेश में बनाएंगे. चिराग पासवान ने कहा कि आज विधिवत तरीके से पार्टी के कार्यालय का उद्घाटन भी कर दिया गया है. ताकि आने वाले चुनाव में पार्टी की रणनीति को तैयार करने के लिए एक व्यवस्थित जगह हो. आज के आने का उद्देश्य खासतौर पर यही है.
चिराग पासवान ने साफ शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी, फिलहाल गठबंधन का क्या स्वरूप होगा, आने वाले समय में स्पष्ट होगा. चिराग पासवान ने कहा कि हम लोग पार्टी के संगठन को मजबूत करते हुए पार्टी के विचारों को घर-घर लेकर जाने का प्रयास कर रहे हैं. पूरी ताकत सिर्फ पार्टी के संगठन, पार्टी की सोच को घर-घर लेकर जाने पर है. गठबंधन होगा, नहीं होगा, जब चुनाव नजदीक आने पर फैसला लिया जाएगा.
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सपा पर हमला भी बोला. उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी (सपा) 'दमदार दलितों' की बात करती है, तो उन्हें यह समझना चाहिए कि दलितों को वास्तव में सशक्त बनाने का काम राम विलास पासवान जैसे नेताओं ने किया था. एक ऐसा नेता जिसने दलित समुदाय को सही मायने में नेतृत्व प्रदान किया. अगर आप सपा और कांग्रेस के रवैये को देखें, तो यह साफ हो जाता है कि उन्होंने हमेशा अनुसूचित जाति के लोगों को हाशिए पर रखा है.
उन्होंने कहा कि अगर डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की हार के लिए, या उनके जीवनकाल में उन्हें झेलने पड़े अपमान के लिए कोई जिम्मेदार है, तो वह सबसे पहले कांग्रेस है. फिर भी आज सपा उसी पार्टी के साथ गठबंधन करने के बारे में सोच रही है. सच्चाई यह है कि इस देश के लोग खासकर उत्तर प्रदेश के लोग, अच्छी तरह जानते हैं कि दलितों को किसने सशक्त बनाया और किसने उन्हें अपनी आवाज दी? उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) को उत्तर प्रदेश में न केवल अनुसूचित जाति के लोगों का, बल्कि आबादी के एक बहुत बड़े हिस्से का समर्थन मिलेगा."
(मयूर शुक्ला की रिपोर्ट)