SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Exclusive Interview: ओवैसी से अखिलेश तक... ब्रजेश पाठक ने खोली BJP की चुनावी रणनीति, तीसरी बार जीत का दावा

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ज़ी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में कानून-व्यवस्था, मथुरा, मुस्लिम उम्मीदवारों, UGC गाइडलाइंस और विपक्ष के गठबंधन पर खुलकर बात की.

Edited By Gunateet Ojha
Published: Nov 27, 2026, 22:44 IST | Updated: Nov 27, 2026, 23:04 IST
Image Credit: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की ज़ी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत.
Join

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ सियासी पारा चढ़ने लगा है. कहीं मुख्यमंत्री के चेहरे पर बहस है तो कहीं गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान. विपक्ष संविधान, वोट चोरी और सामाजिक समीकरणों के मुद्दे पर बीजेपी को घेरने में जुटा है. दूसरी तरफ बीजेपी तीसरी बार सत्ता में वापसी का दावा कर रही है. इस सियासी घमासान के बीच उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कहना है कि पिछले 10 वर्षों में योगी सरकार ने यूपी की तस्वीर बदल दी है और जनता विकास के काम पर वोट देगी. ज़ी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने विपक्ष के आरोपों से लेकर मथुरा, मुस्लिम उम्मीदवारों, UGC गाइडलाइंस और मुख्यमंत्री के चेहरे तक हर सवाल का जवाब दिया. ब्रजेश पाठक ने साफ कहा कि बीजेपी को तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत मिलेगा और समाजवादी पार्टी को जनता से माफी मांगनी चाहिए.

सवाल: विधानसभा चुनाव का ऐलान कभी भी हो सकता है. इस बार चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा क्या होगा?

ब्रजेश पाठक: उत्तर प्रदेश में पिछले 10 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बड़े बदलाव किए हैं. यूपी बीमारू राज्य के कलंक से बाहर निकलकर आज रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बना है. इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भी प्रदेश देश में नंबर एक की तरफ आगे बढ़ रहा है. सड़क, पानी, बिजली, स्कूल और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम हुआ है.

कानून-व्यवस्था भी हमारे लिए बड़ा मुद्दा है. समाजवादी पार्टी की सरकार में यूपी को अपराधियों का राज्य बना दिया गया था. हत्या, लूट, डकैती और बहू-बेटियों की सुरक्षा बड़ी चुनौती थी. व्यापारियों से चौथ वसूली होती थी. उस दौर में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की स्थिति थी. आज यूपी में कोई गुंडा-माफिया सक्रिय नहीं है. हमारी सरकार ने प्रदेश को अपराधियों से मुक्त कराने का काम किया है. इस बार चुनाव में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास और कानून-व्यवस्था सबसे बड़े मुद्दे होंगे.

सवाल: बीजेपी अपनी पहली बैठक मथुरा में करती है तो कहा जाता है- 'राधे-राधे, कमल खिला दे'. आखिर मथुरा की जरूरत क्यों पड़ जाती है?

ब्रजेश पाठक: हमारी सांस्कृतिक विरासत बहुत व्यापक है. भारत की संस्कृति और परंपराएं बेहद प्राचीन हैं. भगवान राम का जन्म उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम में हुआ. भगवान श्रीकृष्ण मथुरा में जन्मे और बाबा विश्वनाथ काशी में विराजते हैं. मां विंध्यवासिनी मिर्जापुर में हैं. ये सभी हमारी आस्था और संस्कृति का हिस्सा हैं. भगवान राम और श्रीकृष्ण हर भारतवासी के रोम-रोम में बसे हैं. मथुरा को लेकर हम कोई नई बात नहीं कर रहे हैं. यह हमारी परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास है.

सवाल: विपक्ष चंदा चोरी को चुनावी मुद्दा बना रहा है. बीजेपी इसका जवाब कैसे देगी?

ब्रजेश पाठक: चंदा चोरी के जिन आरोपियों पर कार्रवाई हुई है, वे जेल में हैं. समाजवादी पार्टी का इतिहास देखिए. वह डकैतों को सांसद और विधायक बनाती थी. हत्यारों को महिमामंडित करती थी और उन्हें संसद तक भेजती थी. माफिया के गले में माला डालने का काम सपा करती थी. ऐसी पार्टी को जनता से वोट मांगने का अधिकार नहीं है. समाजवादी पार्टी जाति और तुष्टीकरण की राजनीति करती है, जबकि बीजेपी जन-जन को जोड़ने वाली पार्टी है.

सवाल: समाजवादी पार्टी भी बाहुबलियों की लिस्ट लेकर घूम रही है. क्या बीजेपी के शासन में अपराधियों पर कार्रवाई में कोई भेदभाव नहीं हुआ?

ब्रजेश पाठक: हमारी सरकार में कानून ने कभी अपना-पराया नहीं देखा. अपराध किसी ने भी किया हो, कानून ने कार्रवाई की है. जो कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. सपा के शासन में अपराधी विधानसभा में घूमते थे. चार-चार साल तक सीबी-सीआईडी की जांच चलती रहती थी. हमारी सरकार में कानून से बड़ा कोई नहीं है.

सवाल: ओवैसी आरोप लगाते हैं कि यूपी में धर्म देखकर एनकाउंटर होता है.

ब्रजेश पाठक: एनकाउंटर में मारे गए अपराधियों की सूची देख लीजिए. सब पता चल जाएगा कि कौन-कौन मारा गया है. अपराधियों का कोई जाति या धर्म नहीं होता. हमारी सरकार ने निष्पक्षता के साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है. कानून अपना काम करता है और अपराध करने वाले को उसके किए की सजा मिलती है.

सवाल: ओवैसी भी यूपी के चुनाव में उतर चुके हैं. क्या उनकी चुनौती को बीजेपी गंभीरता से ले रही है?

ब्रजेश पाठक: ओवैसी हों या आजम खान, उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण की राजनीति नहीं चलने वाली. यहां वही पार्टी सफल होगी जिसे प्रदेश के जन-जन का आशीर्वाद मिलेगा. बीजेपी लोगों का विश्वास जीत चुकी है. हमें किसी के आने-जाने से फर्क नहीं पड़ता.

सवाल: ओवैसी कह रहे हैं कि अब्दुल इस बार दरी नहीं बिछाएगा.

ब्रजेश पाठक: हमने कभी नहीं कहा कि अब्दुल दरी बिछाए. हम तो सबको बराबर की भागीदारी देने की बात करते हैं. हमारी पार्टी सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है.

सवाल: क्या बीजेपी इस बार मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देगी?

ब्रजेश पाठक: अगर कोई उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है तो पार्टी उसे टिकट जरूर देगी. हमारा फैसला इसी आधार पर होगा कि कौन चुनाव जीतने की स्थिति में है.

सवाल: बीजेपी के कुछ नेता कहते हैं कि मुस्लिम हमें वोट नहीं देते. क्या पार्टी के भीतर इस तरह की सोच है?

ब्रजेश पाठक: बीजेपी कभी नहीं कहती कि मुस्लिम हमें वोट नहीं देते. लोकतंत्र में चुनावी जीत सबसे महत्वपूर्ण होती है. हमारी सरकार की योजनाओं का लाभ सभी धर्मों के लोगों को मिल रहा है. लाभार्थियों की लिस्ट में हर समुदाय के लोग हैं. हम किसी के साथ धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करते.

सवाल: आप यूपी में बीजेपी के बड़े ब्राह्मण चेहरों में गिने जाते हैं. क्या आप कोई नया सामाजिक समीकरण बनाने की कोशिश कर रहे हैं?

ब्रजेश पाठक: हम सबको बुलाकर उनसे बात करते हैं और उनकी स्थिति समझने की कोशिश करते हैं. लोगों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कितना बदलाव आया है. आज प्रदेश के किसी घर में लालटेन नहीं है. स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हुआ है. 1947 से 2017 तक यूपी में केवल 40 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि आज 85 मेडिकल कॉलेज काम कर रहे हैं. पहले एक साल में करीब 5 हजार डॉक्टर तैयार होते थे, आज यह संख्या 12,500 तक पहुंच गई है.

प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय तीन गुनी हुई है. हमारी सरकार ने यूपी का नैरेटिव बदला है. आज उत्तर प्रदेश विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. बीजेपी किसी एक जाति या वर्ग की पार्टी नहीं है. यह जन-जन की पार्टी है.

सवाल: बीजेपी को लेकर सवर्णों के बीच नाराजगी का नैरेटिव बनाया जा रहा है. खासकर UGC की गाइडलाइंस को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

ब्रजेश पाठक: मेरे जीते जी किसी छात्र का अहित नहीं होगा. छात्रों का हित मेरी जिम्मेदारी है. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो.

सवाल: क्या UGC की गाइडलाइंस पर फिर से विचार होना चाहिए?

ब्रजेश पाठक: मैं फिर कह रहा हूं कि छात्रों का हित मेरी जिम्मेदारी है. किसी भी छात्र का अहित नहीं होने दिया जाएगा.

सवाल: मायावती की तरह दलितों और ब्राह्मणों को जोड़ने की कोई पहल बीजेपी भी कर रही है?

ब्रजेश पाठक: बीजेपी जन-जन की पार्टी है. हमारी सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग को मिला है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सबसे ज्यादा घर दलितों और पिछड़ों को मिले हैं. पहले गरीबों को गैस कनेक्शन लेने के लिए सांसद या विधायक की चिट्ठी लगवानी पड़ती थी. आज सरकार गरीबों के लिए सैकड़ों योजनाएं चला रही है. हमारा लक्ष्य हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है.

सवाल: 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का संविधान वाला नैरेटिव चल गया था. क्या बीजेपी इस बार उसका जवाब दे पाएगी?

ब्रजेश पाठक: इंडी गठबंधन ने लोगों को भ्रम में डालने का काम किया था. अब जनता सतर्क है और सच्चाई समझ चुकी है. विपक्ष चुनाव जीतने के लिए किसी भी तरह का भ्रम फैला सकता है. 2024 में लाखों महिलाओं के खातों में पैसे डलवाने की बात कही गई. विदेशी फंडिंग के सहारे भी पैसे डलवाए गए. विपक्ष वोट के लिए बहरूपिया बन सकता है, लेकिन इस बार उसकी दाल नहीं गलने वाली.

सवाल: समाजवादी पार्टी अपने घोषणापत्र में कई वादे कर रही है. क्या बीजेपी को इससे कोई चुनौती दिखती है?

ब्रजेश पाठक: समाजवादी पार्टी के वादों पर अब कोई भरोसा नहीं करेगा. जनता उन्हें पहले ही खारिज कर चुकी है. सपा अगर अपने बूते चुनाव लड़े तो प्रधानी का चुनाव भी नहीं जीत पाएगी. वह सिर्फ मुस्लिम वोट बैंक बनाकर चुनाव लड़ती है. समाजवादी पार्टी अपने नेताओं के नाम पर वोट नहीं मांगती, बल्कि सैफई सिंडिकेट को मजबूत करना चाहती है. अखिलेश यादव को अयोध्या जाकर माफी मांगनी चाहिए.

सवाल: आप सबको साथ लेकर चलने की बात करते हैं, लेकिन मदरसों को बंद कराने के आरोप भी लगते हैं.

ब्रजेश पाठक: कोई मदरसा बंद नहीं कराया गया है. हम उत्तर प्रदेश के लोगों को आगे ले जाना चाहते हैं. हमारी सरकार का उद्देश्य सभी को बेहतर शिक्षा और विकास के अवसर देना है.

सवाल: सपा और कांग्रेस के गठबंधन को किस नजर से देखते हैं?

ब्रजेश पाठक: कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों डरे हुए दल हैं. प्रदेश की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी. दोनों एक-दूसरे के खिलाफ काम कर रहे हैं. कांग्रेस से पूछना चाहिए कि वह 370 क्यों नहीं हटा पाई. उत्तर प्रदेश को और बेहतर बनाने का काम केवल बीजेपी कर सकती है.

सवाल: राजनीतिक विश्लेषक के तौर पर बताइए कि कांग्रेस को सपा के बराबर सीटें मिलनी चाहिए या नहीं?

ब्रजेश पाठक: कांग्रेस को समाजवादी पार्टी के बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए मिलनी चाहिए.

सवाल: ओवैसी के बारे में कहा जाता है कि वह जहां जाते हैं, वहां बीजेपी को फायदा पहुंचाते हैं. क्या बीजेपी को उनके चुनाव लड़ने से फायदा होगा?

ब्रजेश पाठक: हमें ओवैसी की जरूरत नहीं है. बीजेपी लोगों का दिल जीत चुकी है. जनता हमारे काम को देख रही है और उसी आधार पर फैसला करेगी.

सवाल: ओवैसी कहते हैं कि इस बार यूपी में मूंछ वाला मुख्यमंत्री बनेगा. क्या इसे किसी तरह का राजनीतिक संकेत मानते हैं?

ब्रजेश पाठक: इस तरह के अनुमानों से हमारा कोई लेना-देना नहीं है. मैं बीजेपी का एक साधारण कार्यकर्ता हूं. पार्टी जो जिम्मेदारी देती है, उसे निभाता हूं.

सवाल: बीजेपी के भीतर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी चर्चा हो रही है. 'मुख्यमंत्री का चेहरा कमल' वाली बात से कितने सहमत हैं?

ब्रजेश पाठक: हम इस तरह की बातों में नहीं पड़ते. हमें भरोसा है कि बीजेपी तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. उत्तर प्रदेश में मोबाइल के साथ-साथ हथियार भी बन रहे हैं. हमारी सरकार में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है. प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.

सवाल: अगर बीजेपी फिर जीतती है तो मुख्यमंत्री कौन बनेगा?

ब्रजेश पाठक: यह फैसला पार्टी का नेतृत्व करेगा. नेतृत्व का फैसला अंतिम होगा. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो कहा है, उसका पालन किया जाएगा.

सवाल: यूपी चुनाव में बीजेपी का सबसे बड़ा प्रचारक कौन होगा?

ब्रजेश पाठक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय नेता हैं. उनके मार्गदर्शन में एक-एक युवा काम करने के लिए तैयार है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का युवाओं से कोई लेना-देना नहीं है. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश आगे बढ़ रहे हैं.

सवाल: CJP अगर यूपी चुनाव में उतरती है तो बीजेपी उसे किस तरह देखेगी?

ब्रजेश पाठक: CJP को विदेशी फंडिंग मिली है और उसकी जांच हो रही है. अगर वह चुनाव में उतरती है तो चुनाव में ही पता चल जाएगा कि उसका कितना जनाधार है. जिसका जनाधार है, उसे चुनाव लड़ना चाहिए.

सवाल: आपके गठबंधन में भी मतभेद की खबरें आती रहती हैं. क्या सहयोगी दलों के बीच सब कुछ ठीक है?

ब्रजेश पाठक: हमारे गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है. हम सभी एकजुट हैं. सभी सहयोगी दल परिवार के सदस्य की तरह हैं और मिलकर काम कर रहे हैं.

सवाल: मथुरा चुनाव में कितना बड़ा मुद्दा बनने वाला है?

ब्रजेश पाठक: मथुरा हर सनातनधर्मी के रोम-रोम में बसा है. हर भारतवासी की इच्छा है कि मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी बजे. हमारी सांस्कृतिक विरासत और आस्था से जुड़े विषय हमेशा महत्वपूर्ण रहेंगे.

सवाल: अखिलेश यादव का PDA समीकरण बीजेपी के लिए कितनी बड़ी चुनौती है?

ब्रजेश पाठक: समाजवादी पार्टी अपने नाम पर वोट क्यों नहीं मांगती? उसके घोषणापत्र में सपा का नाम बहुत छोटा लिखा गया है. पार्टी की हालत ऐसी हो गई है कि वह अपना नाम बदलकर चुनाव लड़ना चाहती है. जनता सब समझ रही है.

सवाल: अगर अरविंद केजरीवाल भी यूपी चुनाव में उतरते हैं तो क्या मुकाबला दिलचस्प होगा?

ब्रजेश पाठक: कोई भी आ जाए, हमें कोई फर्क नहीं पड़ेगा. ये लोग व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए राजनीति करते हैं. बीजेपी जनता के बीच काम कर रही है और जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है.

सवाल: आजम खान एनकाउंटर का डर बता रहे हैं. क्या उन्हें भी कोई खतरा है?

ब्रजेश पाठक: जो कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. कोर्ट और कानून में हमारा कोई हस्तक्षेप नहीं है. कानून अपना काम करेगा.

सवाल: इस बार यूपी में बीजेपी को लेकर क्या उम्मीद कर रहे हैं?

ब्रजेश पाठक: बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलेगा. हम तीसरी बार सरकार बनाएंगे. इस बार चुनाव एकतरफा होगा.

सवाल: फिर भी सीटों का कोई आंकड़ा बताना चाहेंगे?

ब्रजेश पाठक: जब समय आएगा तो आंकड़ा भी बता दूंगा. उत्तर प्रदेश के लोग शांतिप्रिय व्यवस्था को खत्म नहीं होने देंगे. समाजवादी पार्टी को कान पकड़कर जनता से माफी मांगनी चाहिए.

सवाल: मुस्लिम वोट को लेकर समाजवादी पार्टी अपनी रणनीति स्पष्ट रखती है. बीजेपी की क्या रणनीति है?

ब्रजेश पाठक: बीजेपी वोट बैंक की राजनीति नहीं करती. हम सभी वर्गों के लिए काम करते हैं. हमारी योजनाओं का लाभ हर धर्म और समाज के लोगों को मिलता है.

सवाल: क्या मुस्लिम वोटरों के लिए बीजेपी ने कुछ अलग सोचा है?

ब्रजेश पाठक: हम सबके घर जाते हैं और सभी से वोट मांगते हैं. हमारा काम किसी धर्म या जाति के आधार पर नहीं होता. हम हर वर्ग को साथ लेकर चलना चाहते हैं.

सवाल: बीजेपी को इस बार युवाओं पर ज्यादा भरोसा है या महिलाओं पर?

ब्रजेश पाठक: समाज का हर वर्ग हमारे साथ है. युवा हों, महिलाएं हों या बुजुर्ग, सभी को हमारी सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है. हमें हर वर्ग का समर्थन मिलेगा.

सवाल: विपक्ष लगातार वोट चोरी का आरोप लगा रहा है. क्या बीजेपी को इन आरोपों से कोई डर है?

ब्रजेश पाठक: कर्नाटक में जब विपक्ष जीता तो उसने सवाल क्यों नहीं उठाए? तमिलनाडु, केरल और हिमाचल में जीतने पर क्यों नहीं बोला? पंजाब में आम आदमी पार्टी जीती तो वहां भी कोई सवाल नहीं उठाया गया. जब चुनाव में जीत मिलती है तो सब ठीक और हारने पर सवाल उठाए जाते हैं. इनका पाप अब सिर चढ़कर बोल रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES